Search

Wikipedia

Search results

Poem on Prime Minister of India | प्रधान मंत्री पर कविता | नरेन्द्र मोदी पर कविता

माननीय प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रशस्ति में 


भारत की गौरव-गरिमा को आप शिखर तक पहुँचाये हैं, 
अपने अद्भुत साहस के बल विश्व-पटल पर भी छाये हैं। 
रूस, चीन, जापान सभी भारत की शक्ति जान रहे हैं, 
फ्रांस, अमेरिका, इंगलैण्ड इसकी गरिमा पहचान रहे हैं। 
यू ए ई और इजरायल भी मोदी की महिमा गाते है,ं
जहाँ विश्व-सम्मेलन होता, वहीं मोदी जी छा जाते हैं।

ज्ञान, ध्यान,विज्ञान साथ ले, सत्य धर्म के हैं सम्बोधि, 
जहाँ कहीं भी आप जा रहे, लोग कह रहे मोदी! मोदी!
ऋषि तुल्य इनका जीवन है, अनुपम अनुशासन तंत्री हैं, 
आजादी के बाद देश को, ऐसा मिला प्रधानमंत्री है। 
मेकइन इंडिया की दृष्टि से, विश्व शक्ति को भाॅप रहे हैं। 
और आपके सिंह गर्जन से, पाक-चीन भी काॅप रहे हैं। 
राष्ट्रीयता का शंखनाद इनके भाषण में बोल रहा है,
ओज पूर्ण वाणी सुन, गर्वित धरती-अम्बर डोल रहा है।

देशहित में जो भी होता, बिना हिचक, निर्णय लेते है,
वोट बैंक की राजनीति को, कभी नहीं प्रश्रय देते हैं।
स्वार्थवाद की राजनीति से, मुक्त देश हो यह सवाल है,
तुष्टिकरण की क्षुद्रनीति से, हुआ देश का बुरा हाल है। 

संसद में जब भाषण देते, सन्नाटा सा छा जाता है, 
कथ्य, तथ्य के साथ सत्य शब्दों में बँधकर आ जाता है। 
वाणी के हैं आप बाजीगर ओज-तेज के प्रभापुंज हैं, 
शब्द-शक्ति के आवाहन में राष्ट्र भक्ति की भरी गूँज है।

सुनकर तीखे व्यंग-वाण भी, सभी विरोधी हुए पस्त हैं,
देश-भक्ति के आवाह्न से, राष्ट्र विरोधी हुए त्रास्त हैं। 
हर भारत वासी को अपने धर्म-संस्कृति से जोड़ रहे हैं, 
नव-विकास पथ पर चलने को, नई पीढ़ी को मोड़ रहे हैं।

सबका साथ विकास सभी का जीते हैं विश्वास सभी का, 
विश्व शक्ति भारत बन जाये, श्वाँस-श्वाँस प्रयास इसी का। 
आगे ले जा रहे देश को, नव विकास के सत्य शोधी हैं,
भारत का है भाग्य, मिले प्रधानमंत्री नरेन्द्रमोदी हैं। 
-सुखनन्दन सिंह ‘सदय’
सम्पादक, विहंगम योग संदेश
(आध्यात्मिक मासिक पत्रिका)
झूँसी, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश
Mob. 9430151677 

प्रेस विज्ञप्ति अन्तराष्ट्रीय योग दिवस 2019 [विहंगम योग] | Vihangam Yoga

प्रेस विज्ञप्ति

महर्षि सदाफलदेव आश्रम, झूँसी (प्रयाग) में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह सम्पन्न

अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर महर्षि सदाफलदेव आश्रम, झूँसी (प्रयाग) के सत्संग-भवन में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों व्यक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 7 बजे माननीय विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप-प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद स्वागत-गान और मंगल-गान की भाव-प्रवण प्रस्तुति के साथ आसन-प्राणायाम का प्रशिक्षण आश्रम के सुयोग्य योग-प्रशिक्षक श्री रमेश कुमार और श्री राकेश कुमार के द्वारा करीब एक घंटे तक दिया गया। शारीरिक स्वास्थ्य सम्बन्धी अनेक आसनों को उपस्थित जन-समूह द्वारा तन्मयता और शान्ति के साथ सहजतापूर्वक किया गया और इसके साथ ही प्राणायाम के कुछ महत्त्वपूर्ण विधियों को भी सहज ढंग से सिखलाया गया। आसन-प्राणायाम प्रशिक्षण के बाद प्रयाग विहंगम योग संत-समाज के संयोजक श्री रामबाबू गुप्ता जी के द्वारा एक गीत ‘योग दिवस आया है’ को स्वर-लय के साथ प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात् ‘विहंगम योग सन्देश’ आध्यात्मिक मासिक पत्रिका के सम्पादक श्री सुखनन्दन सिंह ‘सदय’ द्वारा योग के यथार्थ पर सम्यक् रूप से प्रकाश डाला गया। आपने अपने प्रवचन में बतलाया कि आसन-प्राणायाम के द्वारा शरीर और मन स्वस्थ रहता है और यह योग-साधन की प्राथमिक अवस्था है। मगर इसके आगे मन का साधन और आत्मिक चेतना का साधन भी आवश्यक है जिससे हमारा शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक, बौद्धिक और आत्मिक विकास भी हो सके और अन्ततः योग के अन्तिम लक्ष्य आत्म-चेतना द्वारा परमात्मा की  प्राप्ति समर्थ सद्गुरु के संरक्षण में प्राप्त किया जा सके।

इस अवसर पर आश्रम के वरिष्ठ गुरुभाई एवं प्रखर प्रचारक श्री विजय बहादुर सिंह जी के द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। अन्त में संक्षिप्त वंदना, आरती और शान्ति-पाठ से इस योग-सत्रा का समापन हुआ।

इस पावन अवसर पर सैकड़ों योग-साधकों एवं साधिकाओं के साथ विशेष रूप से विद्यालय के प्राचार्य श्री रुद्रमणि मिश्र, उपप्राचार्य श्री करुणा सागर मिश्र, श्री गौतम दुबे, श्री आलोक साहा, श्री रामबाबू गुप्ता, श्री विजय बहादुर सिंह, डाॅ0 सच्चिदानन्द प्रसाद और श्री धर्मेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन श्री श्रीकान्त शर्मा द्वारा किया गया। 

सूर्य संयम | Surya Sanyam in Hindi

          सूर्य संयम 


            


भारतीय संस्कृति के अंदर अनेक प्रकार के संयमों की चर्चा की गई है।

भारतीय संस्कृति अपने आप में अद्भुत है, अलौकिक है, अद्वितीय है । इस अद्भुत संस्कृति के अंदर सूर्य-संयम का एक विशेष प्रावधान मानव के कल्याणार्थ बतलाया गया है।

सूर्य पर संयम कई तरह से किए जाते हैं एक शरीर के अंदर में संयम होता है जिसकी जानकारी किसी विशेष गुरु के माध्यम से ही होती है और एक सरल विधि सूर्य संयम की है, जिस विधि में प्राकृतिक सूर्य पर संयम किया जाता है। 

एक विशेष विधि द्वारा, एक विशेष प्रक्रिया के द्वारा प्राकृतिक सूर्य पर संयम करने से अनेक प्रकार के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होते हैं।

सूर्य संयम से बाह्य लाभ तो होता ही है। अन्य लाभ के रुप में हम भुवनों का ज्ञान कर पाते हैं।

समस्त भुवनों का ज्ञान सूर्य संयम के अभ्यास द्वारा सहजता में प्राप्त हो जाता है। हमारे भारतीय ऋषियों ने, संत महात्माओं ने इस सूर्य संयम की विशेषता को बतलाया है तथा इसका अभ्यास करके अपने अंदर अद्भुत आध्यात्मिक शक्ति को प्राप्त किया है । यह संयम अध्यात्म-विज्ञान के अंदर बड़ा ही अलौकिक संयम माना जाता है इसलिए इसे बिना अच्छी तरह से जाने अपने मन से अभ्यास नहीं करना चाहिए। 


पतंजलि ऋषि ने पातंजल योगदर्शन के अंदर सूर्य संयम के 
विषय में बताते हुए कहा है

-

           ''भुवनज्ञानं सूर्ये संयमात्"


अर्थात् सूर्य में संयम करने से भुवन का ज्ञान होता है।

इस श्लोक का वास्तविक भाष्य करते हुए अनंत श्री सद्गुरु सदाफल देव जी महाराज लिखते हैं कि सूर्य मंडल के आधार पर जितने लोक हैं उनको 'भुवन' कहते हैं ।

गुरु विधान से सूर्य में संयम करने से सूर्य मंडलांतर्गत जितने लोक हैं और जहां तक सूर्य का प्रकाश है उन लोकों का यथार्थ अपरोक्ष ज्ञान होता है।

इतना जानने के बाद अब आपको लग रहा होगा कि यह सूर्य संयम तो बड़ा ही अद्भुत है लेकिन इसे कैसे किया जाए।

इसकी विधि क्या है? तो आइए हम जानते हैं सूर्य संयम कैसे किया जाता है । आगे बढ़ने से पहले मैं बता दूं अनंत श्री सद्गुरु सदाफल देव जी महाराज ने सूर्य संयम के विषय में बताते हुए अपनी पुस्तक बाल शिक्षा भाग 2 पृष्ठ संख्या 62 में  विशेष रूप से  सूर्य संयम के विषय में  बताते हुए कहा है कि सूर्य में संयम करने से भुवन का ज्ञान होता है।

यह तो योग विभूति है इसके लिए बड़ा जीवन चाहिए तब होता है। विद्वान पुरुष अपने प्रयोगों द्वारा सूर्य की शक्ति अपने में ले सकता है। सूर्य की शक्ति अपने में अवतरित होती है, होगी।

सूर्य से विश्व विजयी महातेज, महाबल तथा महाप्रताप और महा व्यक्तित्व, विज्ञानवेत्ता अपने प्रयोगों द्वारा प्राप्त कर लेता है।

इस संसार क्षेत्र में बड़ा लाभ होता है। 15-15 मिनट दोनों काल सूर्य के सामने इसका प्रयोग आप करें। आप में जीवनी-शक्ति आएगी। अनुभव होगा ।


इसके अलावा सूर्य-संयम के विषय में सदगुरुदेव आगे विश्व राज्य-विधान के अंदर भी इसके विषय में लिखे हैं। विदित हो 'विश्व राज्य विधान' अनंत श्री सदगुरु सदाफल देव जी महाराज द्वारा रचित संपूर्ण विश्व को एक अद्भुत देन है।

'विश्व राज्य विधान' के अंदर विश्व के कल्याण हेतु अनेक  विधानों का वर्णन है जिसे जानकर, अपनाकर व्यक्ति का ही नहीं अपितु समाज का, साथ ही संपूर्ण विश्व का आध्यात्मिक, आर्थिक और सामाजिक लाभ प्राप्त होगा।


राजनीतिज्ञ जन जो राजनीति में उतर कर देश सेवा में अपने आप को लगाए हुए हैं। वह भी गुरु विधान से सूर्य-संयम को यदि करेंगे तो निश्चय ही देश की विशेष सेवा कर पाएंगे।

बुद्धि प्रखर होगी चित्त स्थिर होगा तो देश की भी सेवा उतनी ही स्थिरता के साथ कर पाएंगे।

सूर्य संयम करने की विधि

प्राकृतिक सूर्य-संयम करने के लिए प्रातः काल जब सूर्य अपनी लालिमा लेकर उदित होता है । 

तब अपने नेत्रों के द्वारा एक टक एकाग्रचित होकर लगातार देखें तथा उस पर ध्यान लगावें । 

यही सूर्य संयम की विधि है । यह विधि अस्त के समय भी अपनाई जाती है। 2 से 5 मिनट अधिक से अधिक 15 मिनट सूर्य को लगातार एक टक देखना 'सूर्य-संयम' कहलाता है ।

अध्यात्म जगत के सम्राट, सूर्य के समान देदीप्यमान प्रथम परंपरा सद्गुरु आचार्य श्री धर्मचंद्र देव जी महाराज ने सूर्य संयम की विशेष विधि का वर्णन करते हुए साधकों के उत्थान एवं बौद्धिक तथा आध्यात्मिक प्रगति के लिए बतलाया है कि सूर्य संयम और प्राणायाम एवं मूल बंध शीर्षासन करने से साधक का शारीरिक स्वास्थ्य दृढ़ होता है। इसका प्रभाव मानसिक क्षेत्र पर भी अनुकूल पड़ता है।

आगे प्रथम आचार्य श्री बतलाते हैं कि सूर्य के सामने सूर्योदय की प्रथम किरणों को अपने मुखमण्डल, छाती, ग्रीवा एवं पृष्ठभाग पर मेरुदंड में लेने से एक प्रकार का ओज आ जाता है।
 सूर्य के सामने मानसिक संकल्प के साथ सूर्य की शक्ति का अपने भीतर आकर्षण करना चाहिए। यह विद्यार्थियों तथा व्यायाम करने वालों के लिए उपयोगी है।

 
आगे पुनः सूर्य संयम के विषय में बतलाते हुए प्रथम आचार्य श्री कहते हैं कि नेत्र संचालन और आसेक एवं सूर्य की किरणों को भूमि के सामने दृष्टि खोलकर देखना और मानसिक संकल्प अपने विशेष प्रदेश में केंद्रित रहें यही सूर्य संयम है।

 बिना गुरु के अपने मन से यह क्रिया नहीं करनी चाहिए। सूर्य के सामने दृष्टि रखने से सूर्य की गर्मी आंख की शक्ति नष्ट करती है इस बात का भी ध्यान रखें।

प्रथम परंपरा सद्गुरु आचार्य श्री धर्मचन्द्रदेव जी महाराज ने सूर्य संयम में विशेष सावधानी बरतने की बात कही है  ध्यान हम सभी को रखना चाहिए। सदगुरुदेव के अनुसार सूर्य प्रकृति के अंदर एक महान शक्ति है। सूर्य द्वारा अंतर-योगाभ्यास द्वारा से तेज, बल, प्रताप  होता है। यह योगविद्या है। इसका ज्ञान अध्यात्मविद्या के ज्ञाता परम महर्षि द्वारा हो ककता है।  भौतिक विज्ञान में बाह्य सूर्य-संयम द्वारा अनेक रोग, कष्टों की निवृति हो सकती है। चर्मरोग इससे दूर होते हैं। विजय शक्ति का संग्रह सूर्य के किरणों के प्रयोग द्वारा हो सकता है।  अग्नि और सूर्य की उपासना वैदिक है।  इसकी उपासना  विज्ञानयुक्त और साधनयुक्त हो, तब सूर्य-संयम का प्रभाव जीवन पर पूरा पड़ता है।  सारे अंग-प्रत्यंग पर सूर्य की शक्ति  शक्ति है। प्राकृतिक विज्ञान और अंतर के दिव्य प्रयोग से सूर्य का तेज , प्रताप जीवन में अवतीर्ण होता है। अतएव सूर्य-संयम महान विज्ञान है। अतएव काल के भेद से प्रत्येक व्यक्ति प्रत्येक  नहीं कर सकता है।  सूर्य की किरणों से जल में शक्ति रहती है। सूर्य से मानसिक शक्ति का उद्धार होता है। जीवन में उन्नति के अनेक दृष्टिकोण हैं। तेज, बल, प्रताप के लिए सूर्य का संयम है।  ईश्वर प्राप्ति के लिए नहीं।
 इसके अलावा एक संयम अंदर में होता है जिसे आंतरिक सूर्य-संयम कहते हैं । यह सूर्य-संयम किसी आध्यात्मिक गुरु के द्वारा ही प्राप्त किया जा सकता है। यह एक विशेष विधि है। 

यह विधि बिना गुरु के शरण लिए प्राप्त नहीं हो सकता। आप यह जान लें बाहरी सूर्य-संयम से शारीरिक विकास होता है। 

मानसिक विकास होता है और आध्यात्मिक विकास में सहायता मिलती है लेकिन आंतरिक संयम बाहरी सूर्य संयम से कई गुना विशाल होता है, शक्तिशाली होता है तथा सूक्ष्म होता है।


अतः आंतरिक सूर्य-संयम को सीखने के लिए आप ब्रह्मनिष्ठ सद्गुरु तथा इसके योग्य गुरु के शरण में जावें और सूर्य संयम सीखकर अपने जीवन को शक्तियों से परिपूर्ण कर परिवार की, समाज की तथा संपूर्ण विश्व की सेवा में अपने इस दुर्लभ मानव जीवन को लगावे।


Picture source From Pixabay and Article written by Dr. Binod Kumar Naturopathy.

अध्यात्म शिखर सद्गुरु स्वतंत्रदेव जीवन-दर्पण [शरद-सप्तति महोत्सव]

अध्यात्म शिखर सद्गुरु स्वतंत्रदेव जीवन-दर्पण

शरद-सप्तति महोत्सव



‘अध्यात्म शिखर सद्गुरु आचार्य स्वतंत्रदेव : जीवन-दर्पण’ एक महान दिव्य सद्ग्रन्थ है, जिसमें सद्गुरु आचार्य श्री स्वतंत्रदेव जी महाराज के सम्पूर्ण दिव्य जीवन पर प्रकाश डाला गया है। इस सद्ग्रन्थ में कुल ग्यारह खण्ड है जो अद्भुत, अलौकिक, अद्वितीय ढंग से अपनी सम्पूर्णता को संजोये हुए है।

प्रथम खण्ड 


प्रथम खण्ड परमपूज्य गुरुदेव के जीवन के सत्तर वर्षों का एक प्रकाश-चित्र है जिसका रेखांकन अद्भुत रूप में प्रस्तुत किया गया है। ऋषिकुल-परम्परा से लेकर विश्वशान्ति चेतना याज्ञिक तक के विषय इस प्रथम खण्ड में समाहित हैं। इसके साथ ही ‘सद्गुरु-स्तवन’ से सम्बन्धित कुछ कविताओं के साथ इस प्रथम खण्ड का समापन होता है। 

द्वितीय खण्ड


द्वितीय खण्ड ‘कृति कौस्तुभ’ परमपूज्य सद्गुरु आचार्य स्वतंत्रदेव जी महाराज की महान कृतियों पर एक विश्लेषण है। इन कृतियों में ‘सा विद्या या विमुक्तये’ का शंखनाद है। अध्यात्म के अवतरण के ये याज्ञिक अनुष्ठान सद्गुरुदेव की कृतियों में प्रतिबिम्बत हैं। कई अध्यात्मपरक सद्ग्रन्थों की रचना के साथ कई सत्य-संधानजन्य ग्रंथों पर भाष्य लिखकर आपने जिस सर्जनात्मक ज्ञान-यात्रा का परिदृश्य उपस्थित किया है, वह प्राचीन ऋषि-परम्परा को समृद्धतर बनाता है।

‘भाष्य भास्वत’ में एक सुसम्बद्ध ज्ञान की अवधारणा भासमान है, जो अनुवाद नहीं बल्कि परोक्ष-अपरोक्ष अनुभूति का आख्यान है। ‘संतमत अभिमत’ में सद्गुरुदेव ने महान संत कबीर की विलक्षण वाणियों में निःसृत अध्यात्म और साधना से परिपूर्ण गूढ़ रहस्यों को सहजता के साथ व्याख्यायित किया है। इन व्याख्याओं में संतमत की आत्मा अनुप्राणित है और आध्यात्मिक रहस्यों की अनावृत्ति अनुशासित है। इसी तरह ‘वैदिक विशद चिन्तन’ में वेद-सम्बन्धी कतिपय विषयों पर मार्गदर्शक चिन्तन है। भारतीय जीवन के प्रेरणास्रोत वेद हैं जो शाश्वत ज्ञान की मंत्र-संहिताओं के संचयन हैं। सद्गुरुदेव अपने कतिपय आलेखों में ही इस महान ज्ञान के प्रकाश को सामान्यजन के लिए भी सुबोध बनाकर उनके आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त कराने के लिए पर्याप्त दिशा-दर्शन प्रदान किये हैं। इन वैदिक आलेखों में सत्य का सन्धान है और वेदों के तात्विक ज्ञान का बोधगम्य अनुष्ठान भी है। 

तृतीय खण्ड


तृतीय खण्ड को ‘विश्व उद्बोधन’ नाम से अभिसित किया गया है। ‘विश्व उद्भोधन’ में विश्व के विभिन्न देशों में सद्गुरुदेव के परिभ्रमण का संक्षिप्त वृत्तान्त है और वहां के लोगों के लिए अध्यात्म से जुड़ने का एक सशक्त आह्वान है। भारत के द्वितीय राष्ट़्रपति महान दार्शनिक डाॅ0 राधकृष्णन ने एक जगह कहा है- ''जहां विज्ञान हमें बाहरी दुनिया के निर्माण में सहायता करता है, वहीं दर्शन[अध्यात्म] हमारे नैतिक और आध्यात्मिक जीवन का निर्माण करता है।'' ' विश्व उद्बोधन' खण्ड तो जिज्ञासु होकर विश्व आवे,  कर्मगति हमसे पढ़े' इस मंत्र-वाक्य का व्यावहारिक अनुष्ठान है।  मानवमात्र में नैतिकता और आध्यात्मिकता का स्वर मुखरित करने के लिए सदगुरुदेव सारे देश में भ्रमण करने के साथ विश्व के कई देशों में भी जा चुके हैं। विश्व के जिन देशों में सदगुरुदेव के पवित्र चरण पड़े हैं, उसी का एक संक्षिप्त लेखा-जोखा इस खण्ड में प्रस्तुत किया गया है। 

चतुर्थ खण्ड 


इस ग्रन्थ के चतुर्थ खंड का नाम 'शून्य से निर्माण के शिखर की ओर' रखा गया है। वास्तव में इस ग्रन्थ का चतुर्थ खंड शून्य से निर्माण के शिखर की ओर सदगुरुदेव के निर्माण सम्बन्धी कीर्ति-स्तम्भ का परिचायक है। महर्षि सदाफलदेव जी महाराज अपने जीवन काल में कुछ भी नया निर्माण करने के सुझाव को निरस्त कर देते थे और कहा करते थे कि सभी निर्माण-कार्य को करने वाला आएगा और वही इसे पूरा करेगा। स्वामीजी की भविष्यवाणी के अनुसार सभी निर्माण-कार्यों को शून्य से शिखर तक पहुँचाने वाले द्वितीय परम्परा सदगुरु आचार्य श्री स्वतंत्रदेव जी महाराज का आविर्भाव इसी विशेष अर्थ में हुवा है।  ब्रह्मविद्या के विश्व प्रचार के साथ निर्माण-यज्ञ की पूर्णता की यात्रा तक के सभी कार्य आपके संरक्षण में ही सम्पादित हो रहे हैं और आगे भी होने वाले हैं। आपके यशस्वी कर-कमलों द्वारा निर्माण का जो इतिहास रचा गया है उसे सम्पूर्णता में समेटना सहज नहीं है। सभी आश्रमों के निर्माण को शून्य से शिखर तक पहुँचाने के साथ-साथ 'स्वर्वेद महामंदिर निर्माण' की भव्यतम योजना को मूर्त्तरूप देने का जो महँ कार्य आपने सम्पादित किया है उसका एक संक्षिप्त रूप इस 'शून्य से निर्माण के शिखर की और' खंड में दर्शाया गया है।  यह विनिर्माण-यज्ञ अभी चल ही रहा है। सदगुरुदेव इस महान निर्माण-यज्ञ के आज के याज्ञिक हैं। शून्य से शिखर तक की निर्माण-यात्रा के इस महान यज्ञ के आप उद्गाता हैं और उत्प्रेरक भी।

पंचम खण्ड


पंचम खंड का नाम 'वाणी अमृत धारा' रखा गया है। इस खंड में अनंत श्री सदगुरु स्वतंत्रदेव जी महाराज जी के दुर्लभ अमृतवाणियों का अनूठा संग्रह है। विभिन्न आयोजनों में सदगुरुदेव के मुखारविन्द से निःसृत अमृतमय वाणियों को एक स्थान  पर संग्रहित किया गया है। इन अमृतवाणियों के एक-एक वाकया में अध्यात्म का दिव्या स्पंदन है, एक-एक पृष्ठ पर अनुभूतिजन्य स्पर्श का सुरभित चन्दन है और एक-एक शीर्षक में मुक्ति के मंत्र का याज्ञिक अनुष्ठान है। 'वाणी अमृत धारा' खंड तो अध्यात्म के सिद्धांत और साधना के समस्त तत्वज्ञान का अक्षय कोष है और आध्यात्मिक वाङ्गमय की अजस्र ऊर्जा का जिवंत शब्दकोश है। सम्पूर्ण अध्यात्म-विज्ञान का सर इस प्रवचन संग्रह में संगृहित है।  यह शाश्वत सत्य के आभ्यन्तरिक अनुसंधान के प्रकाशमान ज्योतिपर्व का एक सुदृढ़ अनुष्ठान है। फिर भी अभी बहुत कुछ शेष रह गया है और अमृतवाणी के कुछ स्रोतों की धारा ही इसमें निनादित हो पायी है।

षष्ठ खण्ड


षष्ठ  खंड का नाम 'दिव्य अनुभूति' रखा गया है। इसमें अनंत श्री सदगुरु स्वतंत्रदेव जी महाराज जी के सान्निध्य में समर्पित और श्रद्धा समन्वित भाव से रहने वाले अनेक शिष्य शिष्याओं के जीवन में  सदगुरुदेव के कृपा प्रसादात बहुत सी अनुभूतियाँ संग्रहित लो गयी हैं। महर्षि पतंजलि ने अपने योगदर्शन में पांच प्रकार की सिद्धियों का वर्णन किया है - जन्म सिद्धि, औषध सिद्धि, मंत्र सिद्धि, तप सिद्धि और समाधि सिद्धि, यथा- ''जन्मौषधिमन्त्रतपः समाधिजः सिद्धयः। '' इन सभी सिद्धियों से भी श्रेष्ठ एक योगबल होता है जो विशुद्ध रूप से ब्रह्मविद्या विहंगम ोग के चेतन-साधन से अत्यंत उच्चावस्था में प्राप्त होता है।  सदगुरु-कृपा से होने वाली अनुभूतियाँ और आपके आध्यात्मिक प्रयोग से प्रकट होने वाली किंचित दिव्य विभूतियों को इस खंड में संगृहीत किया गया है जो पाठकों के लिए एक प्रेरक शक्ति प्रदान करती हैं।

 सप्तम खण्ड


इस सदग्रंथ का सप्तम खंड सदगुरुदेव की सदुक्तियों का संग्रह है जिसमें जिअं को दिशा-बोध देने वाले प्रेरक सशक्त सूत्र हैं। इसमें अध्यात्म के साथ मानवमात्र के लौकिक और पारलौकिक जीवन को उत्कृष्ट बनाने वाले मन्त्रपूत वाक्य हैं और विश्व-शांति के मंगदर्शक अध्याय हैं। सदगुरुदेव की इन उक्तियों में एक प्राणवंत चेतना का उर्ध्व प्रवाह है जिसके साथ अपने को जोड़कर हम एक आदर्श मानव बन सकते हैं।

अष्टम खण्ड


अष्टम खंड का नाम समाधान रखा गया है। इसमें अध्यात्म-सम्बन्धी अनेक दुरूह प्रश्नों का समाधा स्वयं सदगुरुदेव द्वारा किया गया है।  प्रश्नोत्तर के रूप में उभरे ये शब्द मानव-मन में उतरे अनेक संशयों का निवारण कर उसमे ज्ञान का प्रकाश भर देते हैं। आत्म-चेतना के उत्थान में यह 'सामधान' एक ऊर्जस्वित शक्ति प्रदान करता है। उलझे हुए मानव मन को सुलझाने में 'समाधान' के वाक्य सार्थक बोध प्रदान करते हैं और जीवन-यात्रा को आदर्श-पथ पर प्रतिष्ठित करने का आधान भी देते हैं।

नवम खण्ड


नवम खंड में समर्पित सेवाव्रती शिष्यों के विषय में बताया गया है।  इस खंड दो भागों में विभाजित है। प्रथम में ऐसे सेवाव्रती शिष्य जी नहीं रहे और दूसरे में वे जो वर्तमान में अपनी सेवा-भक्ति का परिचय दे रहे हैं। जो सेवाव्रती शिष्य नहीं रहे उनके प्रति इस खंड में शब्दांजलि-श्रद्धांजलि के भाव हैं और जो वर्तमान के हैं उनके लिए सदगुरुदेव के स्नेहिल आशीष की कामना है।  इस खंड के लिए ऐसे समर्पित सेवाव्रती शिष्य-शिष्याओं की लम्बी सूची है जिनमे से कतिपय प्रमुख व्यक्तियों को ही समाहित किया जा सका है। साधना और सेवा के क्षेत्र में उभरे ये नाम हम सबको एक प्रेरणा प्रदान करते हैं।

दशम खण्ड


दशम खंड का नाम 'पत्र लोक' रखा गया है। सदगुरुदेव अपने प्रचार-काल के प्रारम्भ से लेकर अभी तक पत्र विनिमय के माध्यम से अपने भक्त-प्रेमियों और विहंगम योग के अनुयायियों से सतत संपर्क बनाये रखने के उद्देश्य से उनके सुख दुःख से स्वयं को जोड़कर अपने आशीर्वाद से भी उन्हें अभिसिक्त करते हैं। दशम खंड सदगुरुदेव के  पत्र लोक की पवित्रता का परिचायक है, उनकी कृपा दृष्टि का संवाहक है। 

एकादश खण्ड


एकादश खंड का नाम 'चित्र-वीथिका' रखा गया है।  इस खंड में सदगुरुदेव के देश-विदेश में हुए विभिन्न कार्योक्रमों के साक्षी के रूप में ये चित्र बहुत कुछ बोलते नजर आते हैं। इस प्रचार यात्रा के क्रम में अनेक विशिष्ट व्यक्तियों का सान्निध्य सदगुरुदेव को मिलता हरहा है और उन सबकी आकांक्षा रहती है आपके दर्शन और आशीर्वाद की प्राप्ति के लिए। ऐसे संदर्भीन को छत्र वीथिका अपने माध्यम से सजीव बना देती है। 

गणतंत्र दिवस पर भाषण | Speech on Republic Day | 26 January Speech for children 2019

गणतंत्र दिवस - 26 जनवरी

[भाषण]
सत्यमेव जयति नानृतम, सत्येन पन्था विततोदेवयानः|
येनाक्रमंती ऋषियो हि आप्तकामा, यत्र तत्र सत्यस्य परमम् निधानम ||

आज छब्बीस जनवरी गणतंत्र दिवस की इस पावन बेला में उपस्थित हमारे विद्यालय के आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, विद्यालय के सभी सम्माननीय शिक्षकगण, भारतीय गरिमा-महिमा-कृति-कीर्ति के भविष्य का भार अपनी तेजोमय भुजाओं में उठाने वाले मेरे सभी विद्यार्थीगण तथा जिज्ञाषा भाव से पधारे अन्य सभी श्रोताओं !

 आज का दिन बड़ा ही पावन एवं हर्षोल्लास का दिन है | आज ही के दिन हमारा देश गणतंत्र हुआ था | भारत का प्रत्येक नागरिक 26 जनवरी 1950 से एक ऐसे सूत्र में बंधा गया, जिस सूत्र ने अनेकता की कालिमा को, अश्पृश्यता की कालिमा को, असामाजिक गतिविधियों को संविधान की ज्योति देकर दूर कर दिया | समानता के अधिकार ने भारत में हो रहे असमानता को रोक कर देश के उन सभी नागरिकों को सुन्दर एवं सुखमय भविष्य बनाने का समान अवसर प्रदान किया | 

बंधुओं! जब कोई देश गणतंत्र हो जाता है तब उस देश में जनता की शक्ति सर्वोच्च हो जाती है | तब शासक चयन की शक्ति जनता के पास आ जाती है | जनता अपने संवैधानिक नियमों के आधार पर कर्तव्याकर्तव्य के बीच सत्य निर्णय लेकर देश के उत्थान हेतु शासकों का चयन करती है | इस व्यवस्था को मूर्त रूप देने में तथा देश को स्वतंत्र करने में अनेक वीरों ने अपने जीवन को आहूत किया है | इसलिए हमें गर्व होना चाहिए अपने देश के लोकतांत्रिक प्रणाली पर, हमें गर्व होना चाहिए अपने देश के संविधान पर, हमें गर्व होना चाहिए संविधान निर्मात्री डॉ. भीमराव अंबेडकर पर, हमें गर्व होना चाहिए सरदार बल्लभ भाई पटेल पर, हमें गर्व होना चाहिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद पर, हमें गर्व होना चाहिए अबुल कलाम आजाद पर, हमें गर्व होना चाहिए उन सभी सदस्यों पर भी जिन्होंने अथक परिश्रम करके 2 वर्ष 11 महीने एवं 18 दिन में ही भारत देश के विशाल संविधान का निर्माण किया | एक ऐसा नियम, एक ऐसी व्यवस्था उन्होंने दी जिसका लक्ष्य देश में शांति, सुख और समानता की स्थापना करना था | 70वाँ गणतंत्र दिवस का यह पावन पर्व एक दिव्यता के साथ पुरे भारत वर्ष में हम सभी मिलकर मना रहे हैं | आप सबों की पावन उपस्थिति में मै बस इतना कहकर अपनी वाणी को विराम दूंगा/दूंगी कि 


नियम व्यवस्था देश की, उत्तम और महान |
सुखी सुरक्षित सभी रहे, लक्ष्य बना संविधान ||

संविधान निर्माण में, देश भक्त विद्वान् |
आज़ादी के बाद भी, दिए पूर्ण योगदान ||

उन्नीस सौ उन्चास में, नवम्बर का मास |
छब्बीस तारीख पूर्ण हुआ, संविधान यह ख़ास ||

संविधान लागू हुआ, उन्नीस सौ पच्चास में |
हुआ देश गणतंत्र, मना ख़ुशी उल्लास में ||

राष्ट्र पर्व यह बन गया, अब देश मनाता शान से |
दिव्य देश भारत मेरा, कहते हैं स्वाभिमान से ||

जय जय भारत मातृभूमि यह, मिली हमें बलिदान से |
वीर विरांगिनी बाल-बृद्ध भी, शहीद हुए हैं शान से ||

जय जय भारत जय जय भारत, बोल उठा इस गान से |
एक साथ एक स्वर में बोलें, हम हैं हिन्दुस्तान से || भारत भूमि महान से || हम हैं हिन्दुस्तान से ||

जय हिन्द ! जय भारत !!

 - सनियात
सम्पादक एवं संस्थापक
Word to Dictionary, Gyapak
Website:- www.wordtodictionary.com
www.gyapak.com
                                             


गणतंत्रता दिवस पर कविता (2019) Poem on Republic Day in Hindi

गणतंत्रता दिवस पर कविता (2019)



नियम व्यवस्था देश की, उत्तम और महान |
सुखी सुरक्षित सभी रहे, लक्ष्य बना संविधान ||

संविधान निर्माण में, देश भक्त विद्वान् |
आज़ादी के बाद भी, दिए पूर्ण योगदान ||

उन्नीस सौ उन्चास में, नवम्बर का मास |
छब्बीस तारीख पूर्ण हुआ, संविधान यह ख़ास ||

संविधान लागू हुआ, उन्नीस सौ पच्चास में |
हुआ देश गणतंत्र, मना ख़ुशी उल्लास में ||

राष्ट्र पर्व यह बन गया, अब देश मनाता शान से |
दिव्य देश भारत मेरा, कहते हैं स्वाभिमान से ||

जय जय भारत मातृभूमि यह, मिली हमें बलिदान से |
वीर विरांगिनी बाल-बृद्ध भी, शहीद हुए हैं शान से ||

जय जय भारत जय जय भारत, बोल उठा इस गान से |
एक साथ एक स्वर में बोलें, हम हैं हिन्दुस्तान से || भारत भूमि महान से || हम हैं हिन्दुस्तान से ||

||जय हिन्द जय भारत ||

-सनियात
सम्पादक एवं संस्थापक
Word to Dictionary, Gyapak
Website:- www.wordtodictionary.com
www.gyapak.com

भारतीय स्वतंत्रता दिवस पर भाषण | SPEECH ON INDIAN INDEPENDENCE DAY | 2018


स्वतंत्रता दिवस - 15 अगस्त
[भाषण]
सत्यमेव जयति नानृतम, सत्येन पन्था विततोदेवयानः|
येनाक्रमंती ऋषियो हि आप्तकामा, यत्र तत्र सत्यस्य परमम् निधानम ||

आज पन्द्रह अगस्त स्वतंत्रता दिवस की इस पावन बेला में उपस्थित हमारे विद्यालय के आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, विद्यालय के सभी सम्माननीय शिक्षकगण, भारतीय गरिमा-महिमा-कृति-कीर्ति के भविष्य का भार अपनी तेजोमय भुजाओं में उठाने वाले मेरे सभी विद्यार्थीगण तथा जिज्ञाषा भाव से पधारे अन्य सभी श्रोताओं !

 यह देश ऋषियों का देश रहा है, यह देश संत-महात्माओं का देश रहा है, यह जो देश है मित्रों! सदैव प्रकाश में रत रहने वाला देश है इसीलिए इसका जो नाम है, क्या है ? भारत है , ऋषियों ने कहा भारत जो है सदैव प्रकाश में ही रत रहता है वह अँधेरे में कभी नहीं रहता | भारत शब्द में भा का अर्थ प्रकाश से है और रत का अर्थ रहने से है अतः भारत जो है वह प्रकाश में जीता है और पूरी दुनिया को भी अपने योगत्व प्रकाश से प्रकाशित  करता था, करता है और आगे भी करता रहेगा | 15 अगस्त 1947 की स्वतंत्रता इसी सत्य की शक्ति की ओर इंगित भी करता है |

मेरे मित्रों ! आज आजादी के 71 वर्ष पुरे होने के बाद 72वां स्वतंत्रता दिवस हम सभी मना रहे हैं | सोने की चिड़ियाँ कही जाने वाली इस भारत की धरती पर सम्पूर्ण विश्व की नजर है | यह देश अनेकता में एकता का महान सन्देश प्रदान करती रही है | एकता के बदौलत ही जातिवाद से पृथक होकर हमारे देश के नौजवानों ने, वरीय संतों ने तथा सभी नर-नारी, बूढ़े-बचे मिलकर देश को आजाद कराया | अंग्रेजों के चंगुल से बाहर निकालकर हम सभी को एक नया स्वतंत्र भारत दिया | हम भूले नहीं उन शहीदों को, हम भूले  नहीं उन जवानों को, हम भूले नहीं उन किसानों को, हम भूले नहीं उन संतो को जिन्होंने अपना पूरा जीवन ही देश की आजादी में न्योछावर कर दिया था | हम सभी आज उन सभी की याद में स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए यहाँ पर उपस्थित हुवे हैं |

मेरे मित्रों ! प्रत्येक वर्ष हम स्वतंत्रता की इस महान बेला पर अनेक भाषण एवं अभिभाषण सुनते है लेकिन केवल भाषण सुनाने से और सुनने से क्या होगा जब तक हम उसे अपने अंतरतर में नहीं उतारेंगे | देश तो आजाद हो गया, देश तो स्वतंत्र हो गया, लेकिन केवल अंग्रेजों से, अंग्रेजियत से नहीं | हमारे देश से अंग्रेज तो चले गए लेकिन अपनी अग्रेजियत छोड़ गए , जिसकी चपेट में हम ऐसे बंधते चले गए कि अपनी संस्कृति ही भूल गए, अपने संस्कार ही भूल गए, अपनी गरिमा ही भुलाने लगे |

अतः आज आवश्यकता है कुरीतियों के बंधन से स्वतंत्र होने की, आज आवश्यकता है भेद भाव के जाल से अलग होने की, आज आवश्यकता है अंधविश्वासों से, बैमानियत से, अधर्म से, पाप से, वैमनस्व से, व्यभिचार से अगल होने की |  स्वतंत्रता दिवस की इस महान बेला पर हम सभी अपने भीतर भी परिवर्तन लाने का संकल्प लें | यह आजादी का दिन बड़े दुर्लभ से हमें प्राप्त हुवा है इसका सभी मिलकर सम्मान करें |

वह सेवक वर धन्य है, देश कि चिंता होय |
हर बाधा अरु विघ्न में, अडिग रहे डर खोय ||
                                              - सनियात

जय हिन्द ! जय भारत !!


उपन्यास सम्राट - मुंशी प्रेमचन्द | Upanyaas Samraat - Munshi Premchand

उपन्यास सम्राट - मुंशी प्रेमचन्द


आज प्रेमचन्द की तुलना दुनिया के चोटी के साहित्यकार मोरित्ज, गोर्की, तुर्गनेव, चेखब और टॉल्स्टोय  आदि के साथ करते हुए हमें उन पर गर्व होता है। प्रेमचन्द की नाम-यात्रा धनपत राय से नवाब राय और फिर प्रेमचन्द पर आकर टिक जाती है और वह साहित्य के काल-पात्र में एक अनूठी स्मृति-धरोहर बन जाती है। हंगेरियन विद्वान् डॉ एवा अरादी ने उनकी तुलना ‘मोरित्ज‘ से की। एक बार बनारसी दास चतुर्वेदी ने उनसे पूछा- दुनिया का सबसे बड़ा कहानीकार आप किसे मानते हैं? प्रेमचन्द ने सहज ढंग से कहा- चेखब को ! और यह भी एक सुखद आश्चर्य ही है कि रूस के प्रसिद्ध विद्वान् ‘ए0 पी0 बरान्निकोव’ ने भी उनकी तुलना चेखब से की । सुप्रसिद्ध आलोचक डॉ नामवर सिंह के शब्दों में - ‘‘1907 से 1936 तक के भारतीय जीवन का गहराई से किया गया चित्रण यदि किसी एक व्यक्ति में है-तो वे प्रेमचन्द हैं।’’ आचार्य केसरी कुमार के अनुसार- ‘‘पे्रमचन्द की कथा-यात्रा का अन्तिम सोपान है ‘कफन’ कहानी और ‘गोदान’ उपन्यास, जिसमें पूरा भारतीय समाज, पात्रता पा गया है। सत्य आरोपित न होकर घटित है। यह अपने आदर्श से नहीं स्वरूप से संवेद्य है।’’ सचमुच हिन्दी कहानी और उपन्यास जगत् में प्रेमचन्द का आविर्भाव एक युगान्तकारी घटना है। इसलिए आज भी प्रेमचन्द उपन्यास सम्राट् और अमर कहानीकार के रूप में साहित्य-जगत् में प्रतिष्ठित हैं।

इस कालजयी महान् उपन्यासकार और कहानीकार की जीवन-यात्रा के कुछ मोड़ों को जानना भी आवश्यक है। 31 जुलाई 1880 को बनारस से चार मील दूर लमही ग्राम में पिता मुंशी अजायब लाल और माता श्रीमती आनन्दी देवी की चैथी सन्तान के रूप में जन्म। पिता ने प्यार से नामकरण किया ‘धनपत राय’ और ताऊ ने पुकार का नाम रखा ‘नवाब राय’। बचपन में मौलवी द्वारा फारसी तथा उर्दू की शिक्षा प्राप्त हुई। मात्र सात वर्ष की अवस्था में माता का निधन। विमाता घर में आई और उनका प्यार प्रेमचन्द को नहीं मिल सका। वे उन्हें चाची कह कर ही पुकारते रहे।

गोरखपुर मिशन स्कूल से आठवीं कक्षा पास करने के बाद 1895 में क्वींस काॅलेज वाराणसी में नामांकन और यहीं से 1898 में मैट्रिक की परीक्षा पास की।  नौवीं में थे-तभी 1896 में शादी और तीन वर्षों के बाद 1899 में ही पिता जी का देहावसान। यह भी एक विचित्र-संयोग है कि उस समय के कई महान् पुरुषों  की शादी अल्प वय में ही हुई थी। भारतेन्दु जी की शादी 13 वर्ष की आयु में। महात्मा गाँधी की शादी 12 वर्ष की आयु में। प्रेमचन्द की शादी पन्द्रह वर्ष की आयु में हो गई थी। विमाता और पत्नी के सम्बन्धों में खटास ने प्रेमचन्द के जीवन को और दुःखमय बना दिया था।

पन्द्रह साल के धनपत राय पर पूरे परिवार का बोझ आ गया। मिशन स्कूल, चुनार गढ़ में मात्र 8 रुपये मासिक वेतन पर सरकारी अध्यापक के रूप में नियुक्त हुए। फिर 20 रुपये माहवार पर बहराइच जिला स्कूल में पाँचवें शिक्षक के रूप में नियुक्त हुए। इसी समय से लेखन की ओर झुकाव हुआ। सन् 1901 में धनपत राय के नाम से ‘हम खुर्मा-ओ-हम सबाव’ उर्दू में लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद ‘प्रेमा’ के नाम से हुआ। 1902 में विद्यालय से अवकाश लेकर इलाहाबाद के गवर्नमेंट ट्रेनिंग स्कूल में दो वर्षीय कोर्स के लिए प्रविष्ट हुए। इसी बीच 1903 में ‘नवाब राय बनारसी’ के नाम से उर्दू पत्रकारिता में प्रवेश किए। सन् 1904 में इलाहाबाद माॅडल स्कूल के हेडमास्टर बने। कानपुर के प्रख्यात उर्दू मासिक पत्रिका ‘जमाना’ में लिखने लगे। 1909 में ‘जमाना’ में ही पहली कहानी ‘संसार का सबसे अनमोल रत्न’ धनपत राय के नाम से प्रकाशित हुई।

सन् 1908 में उर्दू-कहानी संग्रह ‘सोजे वतन’ नवाब राय के नाम से प्रकाशित। 1908 में बाल-विधवा शिवरानी देवी से दूसरा विवाह सम्पन्न हुआ। इसी वर्ष डिप्टी इन्सपेक्टर ऑफ स्कूल्स का पदभार महोबा में ग्रहण किया। ‘जमाना’ में ‘सोजे वतन’ का विज्ञापन भी छापा गया। इस ‘सोजे वतन’ में देशपे्रम से भरी पाँच कहानियाँ थी। अचानक एक दिन जिलाधीश की बुलाहट पर गये तो देखा कि उनके टेबुल पर ‘सोजे वतन’ की प्रतियाँ रखी थी। यहीं पर नवाब राय का भेद खुल गया । ‘सोजे वतन’ जब्त कर ली गई। ‘जमाना’ के प्रकाशक श्री दयानारायण निगम की सलाह पर ‘प्रेमचन्द’ के नाम से लिखने लगे  और यही छद्म नाम उनका वास्तविक साहित्यिक नाम बन गया।

पहली बार प्रेमचन्द  उपनाम से ‘जमाना’ में ही उनकी पहली हिन्दी- कहानी ‘बड़े घर की बेटी’ छपी जिसने हिन्दी कहानी को एक नया आयाम दिया। सन् 1913 में पुत्री कमला का और 1916 में ज्येष्ठ पुत्र श्रीपत राय का जन्म। इसी बीच 1916 में इंटर की परीक्षा और 1919 में बी0ए0 की परीक्षा प्रयाग विश्वविद्यालय से पास की। 1919 में दूसरे पुत्र मन्नू का जन्म। मगर साल भर बाद ही उसकी मृत्यु। 1921 में तीसरे पुत्र अमृत राय का जन्म। 1923 में सरस्वती प्रेस की स्थापना और कई पुस्तकों का प्रकाशन।

सन् 1916 से गोरखपुर के नार्मल स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर आये। यहीं पर उन्हें एक नये मित्र महावीर प्रसाद पोद्दार मिले, जिनकी कलकत्ते में हिन्दी पुस्तकों की एजेन्सी थी। यही महावीर प्रसाद पोद्दार जब कलकत्ता जाते थे तो प्रेमचन्द की कोई पुस्तक शरत्चन्द्र चट्टोपाध्याय को पढ़ने के लिए दिया करते थे। एक दिन जब वे शरत् बाबू से मिलने गए तो उनकी बैठक में टेबुल पर ‘सेवा-सदन’ रखी हुई थी और वे भीतर मकान में गये हुए थे। महावीर बाबू उस प्रति को अचानक ही उठाकर देखने लगे। तभी उनकी दृष्टि एक जगह ठहर गई। शरद बाबू ने उस पुस्तक के पन्ने पर पाश्र्व में एक जगह लिखा - ‘उपन्यास सम्राट्‘ और बस उसी समय से  प्रेमचन्द के साथ एक और उपनाम महावीर प्रसाद पोद्दार ने जोड़ दिया - ‘उपन्यास सम्राट्‘।

गोरखपुर में उनकी भेंट रघुनाथ सहाय फिराक से हुई। और वहीं उनका सम्पर्क लाहौर के रहने वाले ‘इम्तियाज अली ताज’ से भी हुई जिन्होंने प्रेमचन्द की अनेक रचनाओं का उर्दू में प्रकाशन किया। दोनों में पत्र-व्यवहार चलता रहा। दोनों एक-दूसरे के प्रशंसक भी बन गये । फिराक उस समय इलाहाबाद के म्योर कॉलेज के छात्र थे और छुट्टियों में गोरखपुर आने पर कहा करते थे- ‘‘प्रेमचन्द जी का घर मेरे लिए अपना ही दूसरा घर हो गया है।’’ यहीं से उनके जीवन में एक नया मोड़ आया।

1919 में जलियाँवाला बाग काण्ड में आप मर्माहत हो उठे। गाँधीजी का 1921 में गोरखपुर का दौरा हुआ। असहयोग आन्दोलन का रंग चढ़ने लगा और आपने सरकारी नौकरी से त्यागपत्र दे दिया। 15 फरवरी 1921 को आपका इस्तीफा मंजूर हो गया। इस तरह करीब 20 वर्षों की नौकरी छोड़कर आप असहयोग आन्दोलन और चर्खे के प्रचार में जोर-शोर से लग गये। इसके बाद कानपुर में मारवाड़ी स्कूल में हेडमास्टर नियुक्त हो गये। मगर वहाँ से त्यागपत्र देकर 1922 में काशी विद्यापीठ में आ गये। 1923 में बनारस में ‘सरस्वती प्रेस’ की स्थापना की। सरस्वती प्रेस घाटे में चलने लगा। इसी बीच माधुरी के भी सम्पादक बने।

माधुरी के लिए पहली बार जैनेन्द्र जी ने अपनी कहानी भेजी तो प्रेमचन्द ने इसे यह लिख कर लौटा दिया कि कहीं यह अनुवाद तो नहीं है? मगर उनकी ही दूसरी कहानी ‘अंधों का भेद’ विशेषांक के लिए चुन ली गई और इसके साथ ही जैनेन्द्र जी से उनका सम्बन्ध प्रगाढ़ होता गया।

जयशंकर प्रसाद जी के प्रोत्साहन से उन्होंने ‘हंस’ पत्रिका प्रारम्भ की, जिसका पहला अंक मार्च 1930 में निकला। ‘माधुरी‘ के सम्पादक-मंडल के सम्मानित सदस्य वे तब भी बने रहे। मगर ‘हंस’ का प्रकाशन भी शासकीय हस्तक्षेप के कारण 1932 में बन्द कर देना पड़ा। अब विनोदशंकर व्यास से उन्होंने ‘जागरण’ ले लिया। प्रेमचन्द जी के सम्पादकत्व में 22 अगस्त 1932 को  ‘जागरण’ का नया अंक निकला । ‘हंस’ का प्रकाशन भी पुनः दिसम्बर 1932 से निकलने लगा। वे बाम्बे भी गए। बाद में उनके उपन्यास पर सिनेमा भी बने। मगर बाम्बे उन्हें रास नहीं आया। वहाँ साहित्य की कोई पूछ नहीं थी। सब कुछ कृत्रिम और छिछला था। उन्होंने अपने एक पत्र में इन्द्रनाथ मदान को लिखा-‘‘सिनेमा में साहित्यिक व्यक्ति के लिए कोई स्थान नहीं है।’’ शायद उनका  यह मन्तव्य आज भी प्रासंगिक है। इसलिए वे 3 अप्रैल 1935 को मुम्बई से विदा होकर फिर बनारस आ गये।

जब वे ‘जागरण‘ के सम्पादक थे तो जैनेन्द्र जी ने हीरानन्द सच्चिदानन्द हीरानन्द वात्स्यायन ख्जो उस समय जेल में थे, की दो कहानियाँ उनके पास भेजी। उन्होंने पूछा कि ये कहानियाँ तो अच्छी हैं मगर लेखक का नाम नहीं है। इसके लेखक आखिर कौन है? इस पर जैनेन्द्र जी ने कहा कि समझिए कि लेखक ‘अज्ञेय‘ है। उन दोनों कहानियों को ‘अज्ञेय’ के नाम से ही छाप दिया गया। बस यहीं से वात्स्यायन जी के नाम के आगे एक और उपनाम ‘अज्ञेय’ जुड़ गया। इस तरह अज्ञेय जी इस उपनाम को पाने के बाद प्रेमचन्द के और करीब आ गये।

प्रेमचन्द ने उस समय कितने ही नवयुवक लेखकों- जैनेन्द्र, अज्ञेय, अश्क, श्री राम शर्मा, बनारसी दास चतुर्वेदी आदि को न केवल प्रोत्साहन दिया बल्कि उनसे अन्तरंगता भी बढ़ायी। अपने जीवन के प्रारम्भिक चरण में वे आर्य- समाज से प्रभावित हुए तो जीवन के अन्तिम चरण में ‘प्रगतिशील लेखक संघ’ को भी प्रोत्साहन दिया। कुछ लोग उन्हें गाँधीवाद से जोड़ना चाहते थे तो कुछ साम्यवाद से भी। मगर वे किसी वाद से नहीं बँधे थे। प्रेमचन्द ने अपने युग का सही चित्रण और साहित्य को जीवन से जोड़ दिया। अपने साहित्य में जनसाधारण को प्रतिबिम्बित किया। भारतीय किसान की व्यथा का चित्रण जैसा प्रेमचन्द ने किया - वैसा किसी ने नहीं किया। मनुष्य के अन्दर जो भी सुन्दर, उदात्त और आनन्दमय है, साहित्य उसी का मूर्त रूप है और इसीलिए प्रेमचन्द का साहित्य सत्यम्, शिवम् और सुन्दरम् का पर्याय है। उनकी रचनाओं में यथार्थ और आदर्श का सुन्दर समन्वय है।

18 जून 1936 को मैक्सिम गोर्की के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में ‘आज’ के कार्यालय बनारस में अस्वस्थता के बावजूद गये। लौटने पर बीमारी बढ़ी। पत्नी के पूछने पर कि अस्वस्थ होने पर भी वहाँ क्यों गये-प्रेमचन्द ने धीरे से कहा- ‘‘गोर्की जैसा आदमी रोज-रोज तो मरता नहीं।’’ धीरे-धीरे बीमारी बढ़ती गई। बनारस से इलाज के लिए लखनऊ आये। दयानारायण निगम भी उन्हें देखने आये। हकीम की दवा से भी आराम नहीं हुआ। वे फिर बनारस आ गये।

1 अक्टूबर 1936 को निराला जी ने ‘भारत’ में एक लेख लिखकर प्रेमचन्द के स्वास्थ्य पर चिन्ता जतायी और अन्त में लिखा- हे भगवन् ! दो वर्ष और।’’ मगर शायद भगवान् ने उनकी बात नहीं सुनी। 7 अक्टूबर 1936 को जैनेन्द्र से ही आदर्शवाद पर बातें हुई। मगर 8 अक्टूबर 1936 की सुबह, मौत का पैगाम लेकर आ गई, और प्रेमचन्द ने सदा के लिए आँखें मूँद ली।

लमही खबर पहुँची। बिरादरी वाले भी आ गये। प्रेमचन्द जी का शव मणिकर्णिका घाट की ओर कुछ लोग ले जा रहे थे। रास्ते में लोग आपस में बातें कर रहे थे-‘किसी मास्टर जी की लाश है’। यह था-उस महान् लेखक के प्रति श्रद्धांजलि विवेक। उसी समय शान्तिनिकेतन में इस खबर को सुनकर रवीन्द्रनाथ टैगोर विचलित हो उठे। उन्होंने रुँधे स्वर में कहा-‘‘एक रतन था, वह भी खो गया।’’

प्रेमचन्द नहीं रहे मगर उनकी कृतियों में वे आज भी जीवित हैं। उनका साहित्य जन-जीवन की गीता है, सत्यम् शिवम् सुन्दरम् की त्रिवेणी है। उनके प्रमुख उपन्यास रंगभूमि, कर्मभूमि, निर्मला, सेवा-सदन, प्रेमाश्रम, कायाकल्प, प्रतिज्ञा, वरदान, गबन और गोदान उन्हें उपन्यास सम्राट् कहलाने के लिए काफी हैं। कहानी-संग्रह में मानसरोवर, सप्त सरोज, नव निधि, पाँच फूल, प्रेरणा, प्रेम-पूर्णिमा, प्रेम-प्रसून, पे्रम पचीसी, पे्रम प्रतिज्ञा आदि उन्हें अमर कहानीकार के रूप में आज भी प्रतिष्ठित करने में सक्षम है।

प्रेमचन्द की अन्तिम और अपूर्ण कृति ‘मंगल सूत्र’ है। शायद यह कोई नयी दिशा देता । नजीर बनारसी ने उनके बारे में लिखा -
‘‘पर्द था, पर्द से कारवाँ बन गया
एक था, एक से इक जहाँ बन गया,
ऐ बनारस तेरा एक मुश्ते गुबार
उठ के हमारे हिन्दोस्ताँ बन गया।
मरने वाले के जीने का अन्दाज देख,
देख काशी की मिट्टी एजाज देख।’’

सचमुच प्रेमचन्द के प्रति इससे बढ़कर श्रद्धांजलि के शब्द नहीं हो सकते। प्रेमचन्द सही मायने में भारत की आत्मा के प्रतीक बन गये थे। उनके व्यक्तित्व पर शब्दों का मुलम्मा चढ़ाने की कोई जरूरत नहीं। वे सदियों तक इसी तरह ‘उपन्यास सम्राट्’ और ‘अमर कहानीकार’ के रूप में श्रद्धा और विश्वास के साथ याद किये जाते रहेंगे।
यह भी कितने आश्चर्य की बात है कि वर्ष 1936 में ही प्रख्यात साहित्यकार मैक्सिम गोर्की और शरत्चन्द्र चट्टोपाध्याय का भी निधन हुआ। इसे विधि की विडम्बना कहें या एक संयोग मात्र।

सरल, स्पष्ट और जीवन्त शैली के स्रष्टा प्रेमचन्द हमलोगों के बीच नहीं रहे मगर आज भी प्रेमचन्द जीवित हैं- अपने साहित्य के माध्यम से, अपने पात्रों के माध्यम से, अपने संवादों के माध्यम से। आज भी होरी और धनिया में, रूपा और सोना में, सूरदास और पं0 दातादीन में वे भारतीय मानस के प्रतिनिधि वक्ता के रूप में हमें झकझोरते रहे हैं। जैनेन्द्र के शब्दों में- ‘‘प्रेमचन्द को मैं साहित्य-निर्माता से अधिक देश-निर्माता मानता हूँ। उनकी साहित्य-रचना का स्रोत देश-प्रेम और मानव-प्रेम है।’’

प्रेमचन्द ने अपने 36 वर्षों के साहित्यिक जीवन में करीब तीन सौ कहानियाँ, एक दर्जन उपन्यास, चार नाटक और अनेक निबन्धों के साथ विश्व के महान् साहित्यकारों की कुछ कृतियों का हिन्दी में अनुवाद भी किया और उनकी यह साहित्य-साधना निश्चय ही उन्हें आज भी अमरता के शीर्ष-बिन्दु पर बैठाकर उनकी प्रशस्ति का गीत गाते हुए उन्हें आज भी ‘उपन्यास सम्राट्’ और कहानीकार की उपाधि से विभूषित कर रही है। प्रेमचन्द सही मायने में आज भी सच्ची भारतीयता की पहचान हैं।
 
 
Sukhnandan singh Saday
सुखनंदन सिंह सदय जी के अन्य आलेख पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें


1. विहंगम योग एक विहंगम दृष्टि  2. विहंगम योग एक वैज्ञानिक दृष्टि 

3. राष्ट्रभाषा हिन्दी अतीत से वर्त्तमान तक 

4. हिन्दी सेवा 

5. प्राकृतिक चिकित्सा एक सहज जीवन पद्धत्ति 

6. अध्यात्म और विज्ञान का यथार्थ 

7. आध्यात्मिक यात्रा

8 . हिन्दी में सब काम हो 

9.  हर दिन हिन्दी दिवस हो 
 


Ref. Article source from Apani maati Apana chandan, Author-Sukhnandan singh saday. picture source from Hindustantimes.com. keywords munshi premchand kon the, Upanyaas Samraat.

महाप्राण निराला | SURYAKANT TRIPATHI NIRALA

महाप्राण निराला - मैं अकेला निराला

किसी ने उस युग-कवि को ‘महाप्राण निराला’ कहा तो किसी ने उसे ‘मतवाला’ कहा। किसी ने उसे छायावादी युग का ‘कबीर ’कहा तो किसी ने उन्हें ‘मस्तमौला’ कहा । किसी ने उन्हें  सांस्कृतिक नवजागरण का ‘बैतालिक’ कहा तो किसी ने उन्हें सामाजिक-क्रान्ति का ‘विद्रोही कवि’ कहा । एक साथ उनके नाम के साथ इतना वैविध्य और वैचित्रय जुटता गया कि इनका जीवन और काव्य दोनों विरोधाभास के रूपक बनते गए। मगर ‘निराला’ सचमुच निराला ही बने रहे। लोगों के द्वारा दिये गये विशेषणों की उन्होंने कभी चिन्ता नहीं की। वे एक साथ दार्शनिक भी थे, समाज-सुधारक भी थे, विद्रोही भी थे, स्वाभिमानी भी थे, अक्खड़ भी थे, फक्कड़ भी थे, उदारचेता भी थे और सबसे बढ़कर ‘महामानव’ थे। हमारे आत्मीय मित्र और हिन्दी-साहित्य के प्रख्यात कवि स्वर्गीय बालकवि आर्य ने निराला के रूप-वैविध्य का चित्रण करते हुए लिखा था-

काव्य गगन का सूर्य निराला,
छन्दों का था तूर्य निराला
झंकृत-स्वर का गान निराला,
नाद-शाक्ति की तान निराला
महाकाल का काल निराला,
तमक गया विकराल निराला
शान्त हुआ तो मोम निराला,
ठंडाया हरिओम् निराला।
हिन्दी का सिरमौर निराला,
स्वाभिमान में और निराला
भावों की वह घटा निराला,
अनुप्रासों की छटा निराला।।

स्व0 बालकवि जी की कविता के कुछ उद्धृत अंश शायद ‘निराला’ के रूप-वैविध्य को बहुत हद तक चित्रित करने में सफल हुए हैं। आखिर उनके व्यक्तित्व की इस विविधता का रहस्य क्या है ?

कवि अपने समय की पग-ध्वनि के साथ अपनी कविता के तार को जोड़ता है। समय की धड़कन उसकी रचना-धर्मिता में प्रतिबिम्बित होती है। कभी-कभी समय के थपेड़े से आहत होकर वह विद्रोही भी बन जाता है तो कभी-कभी सृजन की आग उसके चिन्तन को प्रकाशित करती है। विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रीय परिस्थितियों से साहित्यकार कभी कटा नहीं रह सकता और समय के स्वर उसके शब्दों में मुखर हो उठते हैं। युग की पीड़ा और समय का दंश निराला के हृदय को भी सालता रहा और उनके भीतर से शब्द का लावा फूटता रहा। उनके शब्द कहीं अंगार बनकर निकले तो कहीं इन्द्रधनुष बनकर उतरे। इस महान् कवि की जीवन-यात्रा भी फूल और अंगारे के बीच से होकर चलती रही। एक सतत संघर्ष की कहानी उनके जीवन की निशानी बनकर रह गई।

‘निराला’ जी के पिताश्री [स्व०]  रामसहाय त्रिपाठी अपने पैतृक स्थान अवध को छोड़कर मेदिनीपुर जिले के महिषादल नामक स्थान पर जीविका की खोज में आ बसे थे। इसी महिषादल में सन् 1896 की बसन्त पंचमी के दिन ख्जनवरी महीने में, सूर्य कुमार का जन्म हुआ। वाणी का वरदपुत्र वाग्देवी वीणा-पाणि के पूजन के दिन ही बंगाल की धरती पर आया। पिता की नौकरी महिषादल रियासत में सिपाही के पद पर थी और पदोन्नति प्राप्त कर वे जमादार बन गये थे। उस समय के लिए यह एक सम्मानप्रद पद था। 

‘सूर्य कुमार’ के जन्म के तीन वर्ष बाद ही उनकी माताजी का निधन हो गया। जीवन में प्रथम आघात यहीं से शुरू हुआ। प्रारम्भिक पढ़ाई के लिए एक बंगला-पाठशाला में नाम लिखाया गया। तीन-चार वर्षों के बाद महिषादल के हाईस्कूल में पढ़ाई शुरू हुई। यहाँ बंगला के साथ-साथ अंग्रेजी की भी पढ़ाई होने लगी। मगर हिन्दी पढ़ने का अवसर नहीं मिल पा रहा था। परिवार में पैतृक गाँव से आये लोगों के माध्यम से रामचरित मानस का पाठ सुनने में बालक को अत्यधिक आनन्द आने लगा। धीरे-धीरे बंगला, अंग्रेजी, हिन्दी और संस्कृत इन चार भाषाओं को वे सीखने लगे। उनकी प्रतिभा शनैः शनैः निखरने लगी। संगीत के प्रति भी अभिरुचि जगी। कुश्ती का भी अभ्यास करने लगे।

अभी चैदह वर्ष की अवस्था ही हुई थी कि इनकी शादी सुसंस्कृत विदुषी मनोहरादेवी के साथ हो गई। पत्नी को हिन्दी-ज्ञान बहुत अच्छा था। निराला जी हिन्दी सीखने के लिए अत्यधिक जागरूक रहने लगे। उनके भीतर की प्रतिभा जाग उठी। अब तो वे कविता भी करने लगे। स्कूल की पढ़ाई आगे नहीं बढ़ सकी। घर पर ही अब उनकी शिक्षा-दीक्षा होने लगी। स्वाध्याय का क्षेत्र भी बढ़ता गया।

अभी उनकी अवस्था 23 वर्ष की भी नहीं हुई थी कि एक दूसरा आघात आ पहुँचा और उनकी पत्नी का एक महामारी में मैके में ही सन् 1919 में निधन हो गया। सूर्य कुमार का मन बिल्कुल टूट गया। समय-चक्र क्रूर बनकर सामने खड़ा हो गया। युवक सूर्य कुमार हतप्रभ से सब कुछ व्यथित हृदय से देखते रहे। समय का आघात यहीं रुका नहीं। एक वर्ष बाद अचानक पिताजी भी चल बसे। यह एक वज्राघात था। एक पुत्र रामकृष्ण त्रिपाठी और एक पुत्री सरोज के पिता होने के साथ सारे संयुक्त परिवार की जिम्मेदारी भी कंधे पर आ गई। समय थम-सा गया। जीवन की सहज धारा में एक बहुत बड़ा व्यवधान आ कर खड़ा हो गया।

परिजनों, मित्रों के बहुत आग्रह करने पर भी दूसरा विवाह नहीं किया। पिता के स्थान पर महिषादल रियासत में मिली नौकरी पर्याप्त नहीं थी और साथ ही लेखनवृत्ति में भी बाधक थी। स्वाभिमानी सूर्य कुमार ने इस नौकरी को भी छोड़ दिया। जीविका की जटिल समस्या मुँह बाये सामने खड़ी थी। अब केवल साहित्य-साधना ही साथ रह गई थी। नये लेखक को अपनी पहचान बनाने में समय लगता है। इनके साथ भी ऐसा ही हुआ।

इसी समय आपका परिचय हिन्दी-साहित्य के मूर्धन्य विद्वान् आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी से हुआ। उन्होंने इनकी प्रतिभा को पहचाना। सूर्य कुमार भी जीवन के संग्राम में विजयी भाव में बढ़कर कविताएँ लिखने लगे। अब इस कवि का नाम हो गया - पं0 सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’।

समय के सोपान पर कवि की रचनाएँ अपनी स्पष्ट छाप छोड़ने लगी। शायद ही ऐसा होता है कि किसी कवि की प्रारम्भिक रचनाएँ और अन्तिम रचनाएँ समान रूप से समादृत हों। लेकिन निराला जी की कविताओं में कुछ ऐसा ही लगता है। कहा जाता है कि उन्होंने मात्र 20 वर्ष की अवस्था में सन् 1916 में ‘जूही की कली’ की रचना की, जो उनकी एक अजेय कृति है। वैसे उनका प्रथम आलेख ‘बंगभाषा का उच्चारण’ सन् 1920 में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी  की ‘सरस्वती’ में प्रकाशित हुआ। यह भी माना जाता है कि ‘जूही की कली’ सर्वप्रथम सन् 1923 में ‘मतवाला’ के अठारहवें अंक में प्रकाशित हुई थी। कुछ विद्वान् ऐसा भी मानते हैं कि ‘मतवाला‘ में यह कविता बाद में छपी और इसके पहले ‘माधुरी’ के प्रथम वर्ष के अंक में ही यह छप गई थी। तथ्य जो भी हो मगर ‘जूही की कली’ से हिन्दी-जगत् में एक भूचाल आ गया। छन्द-मुक्त कविता को एक नया आयाम मिला, एक नया आसमान मिला और ‘जूही की कली’ के पंखों पर चढ़ कर वह मुक्त-गगन में विचरण करने लगी। 

आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी के सौजन्य से श्री रामकृष्ण मिशन की पत्रिका ‘समन्वय’ के सम्पादन का कार्य मिला। यहीं पर आप स्वामी विवेकानन्द के जीवन-दर्शन से अत्यन्त प्रभावित हुए। भारतीय संस्कृति का स्वाभिमान, धार्मिक आख्यानों का मर्म उन्हें स्पन्दित करने लगा। उन्होंने कई बंगला-भाषा की कृतियों का अनुवाद किया। मगर यहाँ भी वे एक वर्ष ही रह सके। सन् 1923 में निराला जी कलकत्ता से सेठ महादेव प्रसाद द्वारा प्रकाशित ‘मतवाला’ में आ गए और इतना मस्त रहने लगे कि लोग इन्हें भी मतवाला कहने लगे। सेठ जी की निराला से आत्मीयता बढ़ती गई। निराला जी का लेखन ऊँचाइयाँ छूने लगा। विद्वत्-जनों में कहीं प्रशंसा तो कहीं आलोचना के स्वर भी उठने लगे। मगर इस कवि को किसी बात की चिन्ता नहीं थी। ये तो बस अपनी धुन में लगे रहते थे।

हिन्दी-साहित्य के लब्धप्रतिष्ठ लेखक प्रेमचन्द, प्रख्यात कवि सुमित्रानन्दन पन्त के साथ कई साहित्य-प्रेमियों ने इन्हें हृदय से सम्मान दिया और वे नयी साहित्यकार-पीढ़ी के प्रेरणास्रोत बन गए। समय-चक्र एक बार फिर घूम गया। शरीर अस्वस्थ रहने लगा। सन् 1926 से सन् 1928 का काल अस्वस्थता और अभाव में ही बीता मगर वे कभी हारे नहीं। लेखन-कार्य व्यवधान के बावजूद भी चलता रहा। प्रथम काव्य-संग्रह ‘अनामिका’ तब तक छप चुका था। सन् 1929 में निराला जी लखनऊ आ गए और वहाँ के प्रकाशक ‘गंगा पुस्तक माला’ के कार्यालय में कार्य करने लगे। इसके साथ ही ‘सुधा’ का सम्पादन भी करने लगे। सन् 1930 में ‘गंगा पुस्तक माला’ से ही ‘परिमल’ का प्रकाशन हुआ। हिन्दी-कविता ‘परिमल’ के नाम पर नक्षत्र-मंडल की आभा को ओढ़कर मुस्कराने लगी। कवि हृदय हिन्दी-साहित्य की अन्य विधाओं में भी झाँक कर उसे अपनी प्रतिभा से अलंकृत करने लगा। उपन्यास, कहानी, आलेख और संस्मरण की दुनिया में वे कीर्तिमान गढ़ने लगे। सर्वत्र वे चर्चा का विषय बन गये। हिन्दी-साहित्य में एक स्वर्णिम नाम के रूप में लोग इन्हें जानने लगे। युग-कवि अब अपने उफान पर था। 

इसी बीच पुत्री सरोज की शादी की बात चली। फिर एक बार समय साथ नहीं दिया। समाज का विकृत चेहरा सामने आने लगा। पुत्री के विवाह को लेकर चिंतित रहने लगे। आखिर हार कर कोलकाता में ही एक परिचित नवयुवक श्री शिवशेखर द्विवेदी से सरोज की शादी कर दी। कोई सामाजिक औपचारिकता नहीं थी। एक बार समय-चक्र फिर क्रूर हो उठा। शादी के करीब पाँच वर्ष बाद ही सन् 1935 में सरोज भी इस दुनिया से चल बसी। उसके इलाज के लिए कवि-सम्राट् पैसा भी नहीं जुटा सके। उनका हृदय विदीर्ण हो उठा। एक जगह  पर उन्होंने लिखा है-‘‘मुझे यह नहीं मालूम कि मैंने अपने पिछले जन्म में कौन-से पाप किये थे कि मेरे जन्म लेते ही मेरी प्यारी माँ स्वर्ग सिधार गईं। फिर पिता के प्रेम को भी पूरा-पूरा नहीं पा सका। मेरी पत्नी भी यौवन-काल में मुझे अकेला छोड़ कर चली गईं। अपनी निशानी एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई । पुत्री भी युवावस्था प्राप्त करते-करते मुझसे कट गई।’’ सरोज के निधन से उनका हृदय घायल हो गया था।

निराला की साहित्य-साधना फिर भी चलती रही। उनके गद्य-पद्य की अनेक कालजयी कृतियाँ प्रकाश में आईं। ‘अनामिका’ और ‘परिमल’ के बाद ‘गीतिका’, ‘तुलसीदास’, ‘कुकुरमुत्ता’, ‘अणिमा’, ‘राम की शक्ति-पूजा’ जहाँ काव्य के आकाश में चमकने लगे वहीं उपन्यास के क्षेत्र में ‘अप्सरा’, ‘अलका’, ‘प्रभावती’, ‘निरुपमा’, ‘कुल्लीभाट’, ‘बिल्लेसुर बकरिहा’ भी युग के हस्ताक्षर बन गए तथा कहानी-संग्रह में ‘लिली’, ‘सखी’, ‘देवी’ आदि और आलेख के क्षेत्र में ‘रवीन्द्र कविता-कानन’, ‘प्रबन्ध पद्य’, ‘प्रबन्ध प्रतिमा’ आदि भी प्रकाशित हो गये। यह काल-खंड सन् 1928 से सन् 1942 तक का रहा जब वे लखनऊ में रहकर साहित्य-सृजन करते रहे। मगर यहाँ भी वे स्थिर नहीं रह सके।

मित्रों के आग्रह पर साहित्यकारों के शहर इलाहाबाद में सन् 1942 में आ गये। यहाँ पर उस समय के स्थापित तथा प्रतिष्ठित साहित्यकार जयशंकर प्रसाद जी से भी मित्रता बढ़ी। पंत और प्रेमचन्द जी से तो पहले से मित्रता थी ही। इलाहाबाद में साहित्यकारों का जमघट इनके घर पर लगने लगा। कवि-सम्मेलन से लेकर काव्य-पाठ का दौर चलने लगा। कवि की वाणी, और धारदार हो गई। सामाजिक यथार्थवाद, स्वतन्त्रता आन्दोलन और सामाजिक विषमता के स्वर, और तेज होकर कवि की वाणी में मुखरित होने लगे। 

इलाहाबाद में लिखे गये ‘अपरा’, ‘नये पत्ते’, ‘बेला’, ‘अर्चना’, ‘आराधना’, ‘गीतकुंज’ और ‘कवि श्री’ जहाँ काव्य-जगत् की एक धरोहर बन गए वहीं  कहानी के क्षेत्र में ‘चतुरी चमार’ और ‘सुकूल की बीबी’ का भी अग्रगण्य स्थान रहा। उपन्यास के क्षेत्र में इलाहाबाद से ही ‘चोटी की पकड़’ और ‘काले कारनामे’ प्रकाशित हुए। इसी काल-खंड में ‘पन्त और पल्लव’, ‘चाबुक’ और ‘चयन’ निबन्ध साहित्य की अमूल्य निधि बन गए। रामायण ख्विनय खंड, और ‘भारत में विवेकानन्द’ अनुवाद साहित्य में सर्वोपरि रहे। इस तरह इलाहाबाद में साहित्य-सृजन और प्रकाशन तो खूब हुआ  मगर ‘निराला’ का निरालापन भी बढ़ता गया। प्रकाशन से जो भी आय हो उसे किसी जरूरतमंद के बीच बाँट देना और अपने फटेहाल रहना उनके जीवन की नियति बन गई। किसी के दुःख-दर्द को अपने ऊपर ले लेना और स्वयं पीड़ा को ओढ़ लेना उनका सहज स्वभाव हो गया। वे युग के कबीर बन गये।  

साहित्यकारों में वे स्वाभिमान की शिक्षा देते थे। वे बंगाल में रह चुके थे और स्वामी विवेकानन्द तथा रवीन्द्रनाथ टैगोर के प्रसंशक थे। कहा जाता है कि एक बार हिन्दी-साहित्य सम्मेलन के इन्दौर अधिवेशन में अध्यक्षता कर रहे महात्मा गाँधी ने कह दिया था-‘‘हिन्दी में कौन है, जो रवीन्द्रनाथ टैगोर से टक्कर ले सकें ?’’इसके बाद जब गाँधी जी लखनऊ आये तो निराला जी उनसे आदरपूर्वक मिले और अपनी कई रचनाएँ सुनाने के बाद बोले- आप ने यह कैसे कह दिया कि हिन्दी में कौन है रवीन्द्रनाथ टैगोर जैसा ?’’ ऐसे स्वाभिमानी थे निराला जी ।

उनकी फक्कड़ता और दानशीलता के बारे में भी कई कथाएँ प्रचलित हैं। कहा जाता है कि किसी प्रकाशक से मिली रायल्टी की रकम लेकर आ रहे थे। रास्ते में एक बुढ़िया भीेख माँग रही थी। उसे सारी रकम देकर बोले-‘‘माँ अब आगे से भीख मत माँगना।’’ यह थी उनकी दयालुता और सदाशयता।

इलाहाबाद में महादेवी वर्मा उनकी देख-रेख करने लगीं। उनकी अवढरदानी की भूमिका से वे भी परेशान हो जाती थी। महादेवी वर्मा जी के ही शब्दों में- ‘‘एक बार संयोग से उन्हें कहीं से तीन सौ रुपये मिले जो मेरे पास जमा करके उन्होंने मुझे खर्च का बजट बना देने का आदेश दिया।............अस्तु नमक से लेकर नापित तक और चप्पल से लेकर मकान के किराये का जो जो अनुमान-पत्र मैंने बनाया वह निराला जी को पसन्द आ गया। मुझे अपने अर्थशास्त्र के ज्ञान पर गर्व हुआ, पर दूसरे ही दिन से मेरे गर्व की व्यर्थता सिद्ध होने लगी।......तीसरे दिन तक उनका जमा किया हुआ रुपया दूसरों की मदद करने में समाप्त हो गया।........एक सप्ताह में मैंने समझ लिया कि यदि ऐसे अवढरदानी को न रोका गया तो वह मुझे भी अपनी स्थिति में पहुँचा कर दम लेंगे।’’ महादेवी जी की यह अनुभूति निराला जी के मानवीय पक्ष पर यथेष्ट प्रकाश डालती है। कई बार अपने सारे वस्त्र उन्होंने गरीबों को दे दिया और स्वयं एक लंगोटी पहने घर आ गये। कुछ लोग उन्हें विक्षिप्त की संज्ञा भी देने लगे। इतने महान् त्यागी पुरुष का इस प्रकार से आकलन करना हमारी सोच की संकीर्णता को ही चित्रित करता है। इसलिए निराला सामान्य व्यक्ति नहीं थे , वे तो महाप्राण थे।

निराला जी के बारे में यह घटना काफी प्रसिद्ध हो चुकी थी कि जब उत्तर प्रदेश की सरकार ने निराला जी की एक पुस्तक पर 2100 रुपये ख्इक्कीस सौ, का पुरस्कार दिया तो अपनी आवश्यकता को किनारे करके उन्होंने अपने एक मित्र की विधवा के नाम पर वह रकम बैंक में जमा करवा दिया। निराला की सचमुच कोई बराबरी नहीं कर सकता।

निराला का कवि-हृदय किसी गरीब का दुःख देखकर पिघल उठता था और कभी-कभी जाड़े की रात में ठिठुरते व्यक्ति को फुटपाथ पर जाकर अपनी रजाई या अपना कम्बल ओढ़ा आते थे तथा अपने जाड़े में ठिठुरते रहते थे। वे हमेशा दूसरों के दुःख की चिन्ता में डूबे रहते थे- अपने सुख की तिलांजलि देकर। अभावग्रस्तता अब उनकी सहचरी बन गई थी।

निराला एक युग-कवि थे। उनकी कृति के बारे में विद्वानों के विचारों में भी एकरूपता नहीं हैं। कोई दार्शनिक कवि के रूप में उनकी प्रशस्ति करता है तो कोई उन्हें छायावाद और रहस्यवाद से जोड़ कर प्रफुल्लित होता है। किसी को उनकी कृति में यथार्थवादी रोमांटिकतावाद दिखलाई पड़ता है तो कोई उन्हें जनवादी बनाकर आत्म-सन्तुष्टि प्राप्त करता है। मेरी दृष्टि में ऐसे महान् कवि किसी एक विचार के खूँटे से अपने को बाँध कर नहीं चलते। उन्हें जब जो जैसा लगता है, उसे भावों में उतार देते हैं। 


इसलिए डा0 रामदरश मिश्र के शब्दों में निराला का कुछ सही मूल्यांकन दिखता है, जब वे कहते हैं- ‘‘निराला का जीवन संघर्षमय तथा लोक-सम्पृक्त रहा है। इसलिए स्वभावतः वे प्रेम-सौन्दर्य के बोध के साथ-साथ जीवन के अन्य अनुभवों को अपने में समेटे हुए हैं। .......लोक-जीवन में सुख-दुःख की यातना और संघर्ष को गहराई से उभारते हैं।’’

निराला अपने काव्य में सांस्कृतिक नवजागरण के पुरोधा हैं तो वे राष्ट्रीय चेतना के मुखर स्वर भी हैं। वे सामाजिक विषमता को देखकर विद्रोह की ज्वाला भी बन जाते हैं तो प्रकृति के सौन्दर्य से अभिभूत भी हो जाते हैं। कवि की संकेत भरी भाव-भंगिमा कभी हमें झकझोर कर रख देती हैं तो कभी हमें भाव-उद्रेक में रुला देती है। महाकवि अपनी पुत्री सरोज के निधन पर ‘सरोज-स्मृति’ में मानो अपनी कथा-व्यथा चन्द पंक्तियों में खोल कर रख देते हैं -

‘‘दुःख ही जीवन की कथा रही,
क्या कहूँ आज जो नहीं कही!
कन्ये, गत कर्मों का अर्पण, 
कर, करता मैं तेरा तर्पण।’’

शायद जीवन-पर्यन्त ये पंक्तियाँ उनके साथ बँधी रही। दुःख ही उनके जीवन की कथा रही। मगर साहित्य-सृजन में वह बाधक नहीं बन सकीं।
कुछ सामान्य चिन्तक ऐसा मानते हैं कि जब देश स्वतन्त्रता की लड़ाई लड़ रहा था , उसमें निराला के स्वर ने अग्नि नहीं बरसायी मगर जो गहराई में जा कर कवि-कृति को देखते हैं तो उसमें राष्ट्रीयता की धधकती ज्वाला का दर्शन होता है। महाकवि की वाणी का हुंकार क्या किसी से कम है, जब वे लिखते हैं -

‘‘जागो फिर एक बार
समर सूर, क्रूर नहीं
काल चक्र में हो दबे
आज तुम राज कुँवर,
समर सरताज !
मुक्त हो सदा ही तुम
बाधा-विहीन बंध छंद ज्यों
डूबे आनन्द में सच्चिदानन्द रूप ।’’

एक जागरण का संदेश, स्वतन्त्रता का आह्वान, परतन्त्रता की पीड़ा, आत्मा की मुक्ति का शाश्वत चित्रण, सब कुछ तो इन पंक्तियों में समाहित है। निराला के काव्य में भारतीय दर्शन की भी अनुगूंज है। निराला की ‘तुम और मैं’ कविता में आत्मतत्त्व और परमात्मतत्त्व की ही अभिव्यंजना है -

‘‘तुम तुंग-हिमालय शृंग
और मैं चंचल गति सुर-सरिता।
तुम विमल हृदय उच्छ्वास
और मैं कान्त-कामिनी-कविता।’’

इस सृष्टि के संचालन में जो शक्ति कार्य कर रही है, वह रहस्यमयी है फिर भी कवि की दृष्टि उस ओर भी जाती है और उसकी ओर इंगित करते हुए वे बोल पड़ते हैं -

‘‘कौन तम के  पार? ख्रे, कह,
अखिल-पल के स्रोत, जल-जग,
गगन घन-घन धार  ख्रे, कह, ।’’

इस तरह निराला के चिन्तन में भारतीय संस्कृति की भाव-धारा प्रखरता के साथ प्रवाहित है। इसीलिए तो स्वामी विवेकानन्द की याद आते ही वे स्वयं कहने लगते हैं-‘‘मैंने स्वामी विवेकानन्द जी का सारा कार्य हजम कर लिया है। जब इस प्रकार की बात मेरे अन्तर से निकलती है तो समझो कि विवेकानन्द बोल रहे हैं।’’
निराला के काव्य में दर्शन के साथ सामाजिक चेतना के स्वर, और अधिक धारदार होकर मुखरित हुए हैं। सामाजिक दरिद्रता को दूर करने के लिए महाकवि अपनी ‘अर्चना’ में माँ से प्रार्थना करते हैं -

‘‘माँ अपने आलोक निखारो,
नर को नरक-वास से वारो।
विपुल दिशा विधि शून्य वर्ग-जन,
व्याधि-शयन जर्जर मानव-मन,
ज्ञान गगन से निर्जर जीवन,
करुणा करो उतारो तारो।’’

उनकी ‘भिक्षुक’ कविता में सामाजिक दुर्गति का जो चित्र है वह पाठक को रुला देती है, हृदय सचमुच दो टूक हो जाता है।
‘‘वह आता-
दो टूक कलेजे को करता पछताता पथ पर आता ।
पेट पीठ दोनों मिलकर हैं एक,
चल रहा लकुटिया टेक,
मुट्ठी-भर दाने को भूख मिटाने को
मुँह फटी पुरानी झोली को फैलाता-
दो टूक कलेजे को करता पछताता पथ पर आता।’’

एक भिक्षुक की दैन्यपूर्ण स्थिति का यह चित्र सारे समाज पर एक प्रहार भी करता है और उसे झकझोर कर कुछ सोचने के लिए विवश भी करता है। किसानों की पीड़ा से भी वे पूर्ण परिचित हैं। इसीलिए अपने ‘बादल राग’ में किसानों की व्यथा को चित्रित करते हुए कहते हैं -

‘‘जीर्ण बाहु है शीर्ण शरीर,
तुझे बुलाता कृषक अधीर,
ऐ विप्लव के वीर!
चूस लिया है उसका सार,
हाड़ मात्र ही है आधार,
ऐ जीवन के पारावार!’’

किसानों को, गरीबों को सहारा देने के लिए कवि का मन छटपटा कर रह जाता है। ‘कुकुरमुत्ता’ में तो दलितों, शोषितों का दबा स्वर एक विद्रोह कर देता है-
‘‘अबे, सुन बे गुलाब,
भूल मत गर पायी खुशबू, रंगो आब
खून चूसा खाद का तूने अशिष्ट,
डाल पर इतरा रहा कैपिटलिस्ट।
कितनों को तूने बनाया है गुलाम
माली कर रखा सहा या जाड़ा घाम।’’

गुलाब इतरा रहा कैपिटलिस्ट बनकर। समाज में भी ऐसा ही हो रहा है। महाकवि इलाहाबाद के पथ पर एक मजदूरिन को देखकर कह उठता है -
‘‘वह तोड़ती पत्थर
देखा मैंने उसे इलाहाबाद के पथ पर ।
कोई न छायादार पेड़
वह किसके तले बैठी स्वीकार,
श्याम-तन भर बँधा यौवन,
नत नयन, प्रिय-कर्मरत मन,
गुरु हथौड़ा हाथ,
करती बार-बार प्रहार ।’’

कवि की सामाजिक मानवीय चेतना इन पंक्तियों में साकार हो उठी है। भारत के हर कोने में आज भी वह पत्थर तोड़ती नजर आती है। अट्टालिकाओं के झरोखे से कुछ लोग उसे देखते रहते हैं-पर वह अपने कर्मनिष्ठ जीवन में स्वेद बिन्दुओं को पोछ-पोछ कर अपने दुर्भाग्य पर पछताती रहती है। आज भी जनतंत्र के प्रहरी उसके नाम को बेच कर खा रहे हैं।

अन्त में अपनी कविता ‘अणिमा’ में कवि की करुणा जाग उठती है और ईश्वर से दीन-दुखियों की दया सुधारने के लिए प्रार्थना करते हुए कहते हैं-
‘‘दलित जन पर करो करुणा।
दीनता पर उतर आये
प्रभु, तुम्हारी शक्ति अरुणा।’’

निराला छायावाद के युग-प्रवर्तक कवि भी कहे जाते हैं। छायावाद के चार महान स्तम्भ- प्रसाद, पंत, निराला और महादेवी वर्मा अपने युग की विभूति हैं। ‘छायावाद’ प्रकृति के मानवीकरण में युग-चेतना की अभिव्यक्ति है। छायावाद में भाषा और छन्द के क्षेत्र में भी नये प्रयोग हुए हैं। निराला जी के काव्य में छायावाद की झलक अपनी समग्रता के साथ विद्यमान है। ‘संध्या-सुन्दरी’ में वे लिखते हैं -

‘‘दिवसावसान का समय
मेघमय आसमान से उतर रही है
वह संध्या-सुन्दरी परी-सी
धीरे धीरे धीरे।’’

‘‘कितना सजीव चित्रण है ‘संध्या सुन्दरी’ का। इसी तरह ‘जूही की कली’ भी कवि की पंक्तियों में जीवन्त हो उठती है -
‘‘विजन-वन-वल्लरी पर
सोती थी सुहाग भरी स्नेह-स्वप्न-मग्न
अमल-कोमल-तनु तरुणी-जूही की कली
दृग बन्द किए, शिथिल-पत्रांक में।’’

निराला जी ने अपनी ‘बादल’ कविता में प्रकृति का चित्रांकन झूम-झूम कर किया है -

‘‘झूम-झूम मृदु गरज-गरज घन घोर
राग अमर अम्बर में भर निज रोर,
झर-झर निर्झर गिरि सर में
धर मरु तरु मर्मर सागर में,
सरित तड़ित गति चकित पवन में
मन में विजन गहन कानन में,
आनन-आनन  में रव घोर कठोर,
राग अमर अम्बर में भर नित रोर।’’

निराला जी स्वयं कहते हैं-‘‘मनुष्यों की मुक्ति की तरह कविता की भी मुक्ति होती है। मनुष्यों की मुक्ति कर्मों के बन्धन से छुटकारा पाना है और कविता की मुक्ति छन्दों के शासन से अलग हो जाना है।’’ निराला ने मुक्त-छन्द में अनेक रचनाएँ की। उस समय के कई दिग्गज विद्वान् उनके इस मुक्त-छंद-विधान से सहमत नहीं थे। प्रारम्भ में कई रचनाएँ वापस आ गईं। निराला को इस स्थिति में खुद कहना पड़ा -

‘‘लिखता अबाध गति मुक्त छन्द, पर सम्पादकगण निरानन्द।
वापस कर देते पढ़ सत्वर, दो एक पंक्ति में दे उत्तर।।’’

निराला के मुक्त-छन्द में रचना-कौशल की नवीनता है मगर कुछ विद्वानों को इसमें दुरुहता दिखलाई पड़ती है तो कुछ को भाव समझने में अस्पष्टता का बोध भी होता है। कविता केवल गद्य की तरह अभिव्यक्ति नहीं है बल्कि उसमें भाव-प्रवाह का एक विधान भी होता है। इसलिए जिस तरह गद्य की भाषा सहज ढंग से समझ ली जाती है, वैसे काव्य की भाषा कुछ अर्थ अपने आस-पास भी रखती है, जिसे हमें समझना होता है। शायद कविता का यह एक गुण भी है। इस गुणात्मक बोध को दुरूहता की या अस्पष्टता की संज्ञा देना ठीक नहीं है।

निराला ने हिन्दी में नये छन्दों और नये लय-ताल के साथ ‘गीत’ भी लिखा, जिसमें नये विचारों की अभिव्यक्ति मुखरित हुई है। इन गीतों में नये बिम्बों का प्रयोग हुआ है। उनका गीत ‘वर दे, वीणा वादिनी वर दे’ में जहाँ एक ओर माँ सरस्वती का स्तुति-गान है, वहीं भारत माता को अज्ञान, दासता और अन्धकार से मुक्त करने का आह्वान भी है। सारे जग को जगमग कर देने की अभीप्सा है- इस गीत में -

‘‘वर दे, वीणा वादिनी वर दे!
प्रिय स्वतन्त्र रव अमृत-मन्त्र नव
भारत में भर दे !
काट बन्ध उर के बन्धन-स्तर
बहा जननि, ज्योतिर्मय निर्झर,
कलुष भेद-तम हर प्रकाश भर
जगमग जग कर दे।’’

वे गीत ही नहीं ‘नवगीत’ की भी नींव हैं। कहा जाता है कि ‘गीत’ का विकास ही ‘नवगीत’ में हुआ है। निराला जी का यह ‘गीत’ तो ‘नवगीत’ के सृजन का स्रोत है -

बाँधो न नाव  इस ठाँव, बन्धु,
पूछेगा सारा गाँव, बन्धु।
यह घाट वहीं जिस पर हँस कर,
वह कभी नहाती थी धँस कर,
कँपते थे दोनों पाँव, बन्धु,
बाँधो न नाव इस ठाँव, बन्धु।

इस प्रकार निराला जी से ‘नवगीत’ को भी नई दिशा मिली। निराला हिन्दी-साहित्य में एक क्रान्तिकारी कवि के रूप में प्रतिष्ठित हुए जो छायावाद, प्रयोगवाद और प्रगतिवाद के स्तम्भ बनकर भी कहीं बँधे नहीं। अपनी स्वच्छन्दता और मुक्त-छंद-विधान के बारे में वे स्वयं ‘परिमल’ में एक जगह कहते हैं -

‘‘मुक्त छन्द, सहज प्रकाशन वह मन का 
निज भावों का प्रकट अकृत्रिम चित्र’’

निराला केवल एक युग-कवि ही नहीं थे, वे एक महान् गद्यकार, एक निष्पक्ष आलोचक और एक स्वतन्त्र विचारक भी थे। निराला के उपन्यास और कहानी में गाँव का दुःख-दर्द समाया हुआ है। इसमें देशभक्ति और आत्मत्याग  की भावना भी मुखरित हुई है। उनके उपन्यास अप्सरा [1931] अलका [1933], निरुपमा [1936] , कुल्लीभाट [1939], चतुरी चमार [1941] बिल्लेसुर बकरिहा [1941] में जहाँ भारतीय गाँव ही केन्द्र-बिन्दु में हैं, वहीं उनके कहानी संग्रह में लिली [1933], सखी [1935], देवी [1945] तथा अन्य रचनाओं में भी गाँव का दर्द है।

इसके साथ ही सामाजिक अन्याय, सामन्ती व्यवस्था और औपनिवेशिक उत्पीड़न के चित्रण के साथ उनके प्रति विद्रोह के स्वर भी इन गद्य-रचनाओं में प्रखर रूप से मुखरित हुए हैं।

निराला के आलेख में समालोचना के तेज स्वर भी हैं मगर वे पूर्वाग्रह से ग्रस्त नहीं हैं। उनके अधिकांश लेखों में आधुनिक कविता के सिद्धान्तों का प्रतिपादन के साथ उस पर होने वाले प्रहारों का प्रतिकार भी है। महाकवि रवीन्द्र की कविता पर उनका आलेख जहाँ ज्ञानवर्द्धक था वहीं साहित्यकारों के लिए उत्साहवर्द्धक भी। अपने मित्र सुमित्रानन्दन पन्त के ‘पल्लव’ कविता-संग्रह की भूमिका भी उन्होंने लिखी। उन्होंने ‘महाभारत’ का संक्षिप्त रूप भी तैयार किया। उन्होंने कई सामाजिक और साहित्यिक लेख लिखे जो समय की शिला पर अपना पदचिन्ह छोड़ गए।

अब हिन्दी की सेवा करते करते यह युग-कवि कुछ थक-सा गया था। लगता था-जीवन की सांध्य-बेला की आहट कवि को मिल चुकी थी। इसलिए उनकी कविता के स्वर में अकेलापन उभर आया। उन्होंने ‘मैं अकेला’ में लिखा-

‘‘मैं अकेला
देखता हूँ आ रही,
मेरे दिवस की सांध्य बेला
पके आधे बाल मेरे,
हुए निष्प्रभ गाल मेरे
 चाल मेरी मन्द होती जा रही है।’’

फिर तो यह महाकवि रोग-शैय्या पर पड़ गया। कवि की पीड़ा बढ़ती गई । एक दिन तो अपने आत्मीय मित्र श्री ख्स्व0, जे0पी0 शुक्ला से उन्होंने कहा- ‘‘मैंने जिन्दगी भर बहुत दुःख झेला और लोग मुझे यह देख कर और दुःख देते रहे।........ये लोग मृत्यु के बाद भी मुझे बिना जलाये नहीं रखेंगे।........पर यदि मुझे जलाया ही जाये तो मेरी राख देश के चारों कोनों में बिखेर दी जाय। इसलिए नहीं कि लोग तिलक लगायें, वरन् इस हेतु कि लोग उसे अपने पैरों से खूब रौंदें, कुचलें पर हिन्दी को गलत मत समझें।’’ कितनी मर्मांतक पीड़ा है इन शब्दों में पढ़कर आत्मा विचलित हो उठती है। आँखों में आँसू बरबस उतर आते हैं।

महाकवि के रूप में अभी भी तरह-तरह की झूठी-सच्ची किंवदन्तियों की चर्चा आम लोगों में होती रहती थी। हवाएँ पहले भी उनके किस्से-कहानियों से गर्म रहती थी और अब उनके जीवन के अन्तिम पड़ाव पर वह थम नहीं रही थी।

कुछ लोग एक किस्सा सुनाते हैं कि एक बार पंडित श्रीराम शर्मा के साथ लखनऊ में रास्ते पर ही एक साँड़ से भिड़न्त हो गई। निराला भिड़ गये तो फिर साँड़ को ही भागना पड़ा। शर्मा जी तत्काल बोल उठे-‘‘कौन कहता है कि आप रहस्यवादी हैं या छायावादी हैं। आप तो बिल्कुल कायावादी हैं।’’

ऐसा ही एक और वाकया कहा जाता है कि जब वे लखनऊ के कैसर बाग स्टुडियों में फोटो खिंचवाने गये तो वहाँ दंड-बैठक करने लगे और फोटो ग्राफर हैरान हो गया। बहुत मान-मनौव्वल पर किसी तरह फोटो खिंचवाए।
निराला जी के सम्बन्ध में एक और वाकया महादेवी वर्मा के शब्दों में-

‘‘उस दिन मैं बिना कुछ सोचे हुए निराला जी से पूछ बैठी थी कि आपको किसी ने राखी नहीं बाँधी?’’ इस पर निराला जी ने कहा था-‘‘कौन बहन हम जैसे भुक्खड़ को भाई बनायेगी?’’ लेकिन महादेवी जी से राखी बँधवाने वे हर वर्ष रक्षाबन्धन के दिन जरूर आते थे। वे शान से रिक्शे पर बैठकर आते थे। एक बार आते ही महादेवी से कहे-‘‘पहले दो रुपये उधार दो।’’ महादेवी दो रुपये देकर पूछीं-‘‘आखिर किसलिए ये रुपये चाहिए?’’ ’हँसते हुए निराला जी बोले-‘‘एक रुपया रिक्शा वाले को देने के लिए और एक रुपया तुम्हें राखी बँधाई देने के लिए।’’ महादेवी जी इस घटना को जीवन-पर्यन्त याद कर अपने भाई के भोलेपन पर हँसती भी थी और उनकी इस फक्कड़ स्थिति को देखकर उनकी आँखों में आँसू भी उमड़ आते थे।

कहा जाता है कि सन् 1947 में निराला जी के जीवन के 50 वर्ष पूरा होने पर आचार्य नन्ददुलारे बाजपेयी और डा0 राम विलास शर्मा के प्रयत्न से उनकी स्वर्ण जयन्ती मनाई गई तो उस अवसर पर बोलते हुए ‘दिनकर’ जी ने कहा था -‘‘रिश्ते में निराला जी प्रगतिवाद और प्रयोगवाद दोनों के पिता हैं। यह सुनते ही निराला जी मंच पर ही बोल उठे-‘‘तुम जो कह रहे हो, वह बात लोग लिखते क्यों नहीं ? ऐसी थी निराला जी की निश्छलता !

एक और घटना का जिक्र किया जाता है कि काशी नागरीप्रचारिणी की अर्द्ध शताब्दी पर जब वे कवि-सम्मेलन में गए तो किसी ने उनसे कह दिया कि आपकी परिस्थिति देखकर विशेष रूप से पारिश्रमिक दिया जायेगा। यह सुनते ही निराला जी उखड़ गये और कहने लगे कि मैं पारिश्रमिक के लिए नहीं आया हूँ । अब मैं पुरस्कार लूँगा तो एक हजार से कम नहीं। आखिर संयोजक के बहुत आग्रह पर भी उन्होंने कविता पाठ नहीं किया। ऐसे स्वाभिमानी थे निराला!

कहा जाता है कि महाकवि निराला और पं0 ज्योति प्रसाद ‘निर्मल’ में अक्सर नोंक-झोंक चलती रहती थी। एक दिन ‘निर्मल’ जी ने कहा कि अपने नाम के पहले ये ‘निर’ क्या लगा रखे हैं? निराला जी चुटकी लेते हुए बोले - ‘‘मेरे नाम के पहले ‘निर’ हट जायेगा तो भी मैं ‘आला’ रहूंगा, लेकिन आपके नाम के पहले ‘निर’ हट जायेगा तो फिर आप केवल ‘मल’ होकर रह जायेंगे।’’.... इस पर जोरों का ठहाका लगा।

एक और किस्सा मशहूर है कि मेरठ वाले एक बार महाकवि को तुलसी-जयन्ती के अवसर पर आमन्त्रित किए। उन्होंने शर्त रख दी कि जब मैं काव्य पाठ करूँगा तो सबको खड़ा हो जाना पड़ेगा। सभापति को भी खड़ा होना न पड़े इसके लिए इन्हीं को सभापति बना दिया गया। शर्त पूरी हो गयी।

इस तरह की कुछ सच्ची और कुछ सुनी-सुनाई तथा मन से बनाई गई बातें भी महाकवि के बारे में उछाली जाती रहीं मगर उसकी उन्हें चिन्ता नहीं थी। अपने पास कुछ नहीं रहने पर भी जो कुछ है वह सब दान दे देने वाला व्यक्ति ‘निराला’ को छोड़ कर कोई और नहीं हो सकता। निराला जी का निरालापन बढ़ता जा रहा था। अब उनकी मनःस्थिति भी ठीक नहीं चल रही थी। खान-पान में तो पहले भी वैष्णव नहीं थे। अब तो खान-पान पर भी कुछ ध्यान नहीं रहता था। सूर्य अस्ताचल की ओर भागा जा रहा था।

जीवन के अन्तिम दिन में कभी भिखारियों के बीच बैठे हुए, कभी सड़क पर फटेहाल कपड़ों में लिपटी एक आकृति को चलते हुए लोगों ने देखा और सन्न रह गये- अरे ! ये तो निराला जी हैं। रोग-शय्या पर पड़े तो चिकित्सा की भी पूरी व्यवस्था नहीं हो पायी। हिन्दी-साहित्य का वह सूर्य 15 अगस्त 1967 को सदा के लिए अस्त हो गया। अब सूर्यकान्त अँधेरे में कहीं खो गये। अपने देश के किसी महान् व्यक्ति के मरने के बाद उनकी महानता याद आती है। बड़े-बड़े लोगों के शोक-सन्देश आने लगे। तमाम चर्चित लोगों ने आँसू बहाये। प्रयाग के पावन तट पर पार्थिव शरीर जला दिया गया और प्रयाग की निराला-परिषद् द्वारा संगम में अस्थि-भस्म प्रवाहित कर दी गई। उनकी राख भी इस परिषद् द्वारा देश के कोने-कोने में पहुँचा दी गई-बिखेरने के लिए। महाकवि की अन्तिम इच्छा शायद पूरी हो गई-अस्थि भस्म के देशव्यापी विसर्जन से। महाकवि के करीबी मित्र सुमित्रानन्दन पन्त की ‘अनामिका के कवि’ में दी गई श्रद्धांजलि उस हिन्दी-साहित्य के सूर्य को नमन है -

‘‘छंद बद्ध ध्रुव तोड़ फाड़ कर पर्वत कारा
अचल रूढ़ियों की, कवि तेरी कविता धारा
मुक्त, अबाध, अमंद, रजत निर्झर-सी निःसृत,
गलित ललित आलोक शशि, चिर अकुलिष, अविजित,
स्फटिक शिलाओं से तूने वाणी का मन्दिर
शिल्पि, बनाया ज्योति-कलश निज यश का धर चिर
अमृत-पुत्र कवि, यशः काय, तव जरा मरण जित
स्वयं भारती से तेरी हृतंत्री झंकृत।’’

पंत की श्रद्धांजलि की ध्वनि पता नहीं महाकवि के कानों तक पहुँची या नहीं? वैसे ‘निराला’ जैसा महाकवि कभी मरता नहीं। उनकी ध्वनि में ‘ध्वनि’ कविता कुछ कानों में कह जाती है -

‘‘अभी न होगा मेरा अन्त!
मेरे ही अविकसित राग से
विकसित होगा बन्धु दिगन्त
अभी न होगा मेरा अन्त!’’

सचमुच ‘निराला’ का कभी अन्त नहीं होने वाला है। जब तक हिन्दी- साहित्य जीवित रहेगा, ‘निराला’ भी जीवित रहेंगे-अपने साहित्य-सृजन के संसार के साथ। हिन्दी-साहित्य के प्राण ‘महाप्राण निराला’ युग-कवि के रूप में सदैव जीवित और पूजित रहेंगे।
Sukhnandan singh Saday
सुखनंदन सिंह सदय जी के अन्य आलेख पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें


1. विहंगम योग एक विहंगम दृष्टि 

2. विहंगम योग एक वैज्ञानिक दृष्टि 

3. राष्ट्रभाषा हिन्दी अतीत से वर्त्तमान तक 


4. हिन्दी सेवा 

5. प्राकृतिक चिकित्सा एक सहज जीवन पद्धत्ति 

6. अध्यात्म और विज्ञान का यथार्थ 

7. आध्यात्मिक यात्रा 

8  हिन्दी में सब काम हो 

9.  हर दिन हिन्दी दिवस हो 

Ref. Article source from Apani Maati Apana chandan, Author-Sukhnandan singh saday.picture source from prabhatkhabar.com, keywords suryakant tripathi nirala, Mahapran Nirala.